BJP ने राहुल को बताया रावण, कांग्रेस आग बबूला, पूछा-घटिया ग्राफिक के पीछे वास्तविक मंशा क्या?

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और गुरदीप सप्पल ने जुबानी हमला बोलेते हुए भाजपा पर हिंसा भड़काने की कोशिश का आरोप लगाया है।

image 2023 10 06T083002.392 | Sach Bedhadak

Rahul Gandhi Ravana : नई दिल्ली। राहुल गांधी को नए युग का रावण बताए जाने पर कांग्रेस आग बबूला हो गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और गुरदीप सप्पल ने जुबानी हमला बोलेते हुए भाजपा पर हिंसा भड़काने की कोशिश का आरोप लगाया है। भाजपा के इस पोस्ट को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा के आधिकारिक हैंडल पर राहुल गांधी को रावण के रूप में दिखाने वाले घटिया ग्राफिक के पीछे वास्तविक मंशा क्या है? इसका स्पष्ट रूप से एक ही मकसद है, एक कांग्रेस सांसद और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ हिंसा के लिए उकसाना और भड़काना, जिनके पिता और दादी की हत्या उन ताकतों ने की थी जो भारत को तोड़ना चाहते थे। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री का हर दिन झूठ बोलकर मानसिक रूप से बीमार होने और आत्ममुग्धता के विकार से पीड़ित होने का सबूत देना एक बात है, लेकिन अपनी पार्टी से इस तरह के घृणा से भरे कंटटें बनवाना न केवल पूरी तरह से अस्वीकार्य है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है। 

कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य गुरदीप सप्पल ने 1945 में एक पत्रिका में प्रकाशित एक चित्र का हवाला दिया और दावा किया कि भाजपा के वैचारिक पूर्वजों ने महात्मा गांधी समेत 10 स्वतंत्रता सेनानियों को दशानन के रूप में चित्रित किया था, लेकिन वर्तमान समय में भाजपा उन्हीं महापुरुषों की विरासत को अपनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एक बार आपके पूर्वजों ने ऐसा ही एक कार्टून छापा था। इसमें गांधी, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, नेहरू को रावण के रूप में दर्शाया गया था, जबकि विनायक दामोदर सावरकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी को राम और लक्ष्मण के रूप में। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक ऐसे रास्ते पर चल रहे हैं जो आपको एक बार फिर झुकने पर मजबूर कर देगा, क्योंकि ‘भारत में सदैव सत्यमेव जयते।’ 

बीजेपी ने राहुल को बताया नए युग का रावण

 भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर राहुल गांधी का एक पोस्टर जारी किया और उन्हें नए जमाने का रावण बताया। बीजेपी ने लिखा, नए जमाने का रावण यहां है। वे दुष्ट, धर्म और राम विरोधी हैं। उनका एक मात्र लक्ष्य देश को बर्बाद करना है। भाजपा की ओर से जारी पोस्टर में राहुल गांधी के 7 सिर दिखाए गए हैं। इस पर लिखा है- भारत खतरे में है। तस्वीर के ठीक नीचे बड़े अक्षरों में रावण लिखा हुआ है। कांग्रेस ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि यह उसके पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ हिंसा भड़काने का प्रयास है, लेकिन वह इससे डरने वाली नहीं है। ग्राफिक्स के माध्यम से फिल्म के पोस्टर की तरह तैयार इस तस्वीर के शीर्ष पर लिखा गया है ‘भारत खतरे में है’। साथ ही राहुल गांधी की तस्वीर पर ‘रावण’ तथा तस्वीर के नीचे के हिस्से में ‘ए कांग्रेस पार्टी प्रोडक्शन (कांग्रेस पार्टी द्वारा निर्मित) और ‘जॉर्ज सोरोस द्वारा निर्देशित’ लिखा गया है। जॉर्ज सोरोस एक अमेरिकी अरबपति हैं और भाजपा उन पर भारत के खिलाफ एजेंडा चलाने का आरोप लगाती रही है।

ये खबर भी पढ़ें:-‘MP में 18 साल में हुए 250 से ज्यादा घोटाले’ प्रियंका गांधी ने पूछा-BJP नेताओं के घर क्यों नहीं पहुंची ED?