जयपुर को सुंदर बनाने के लिए अनूठा अभियान…गंदगी फैलाने वालों पर ‘मुन्नाभाई का फॉर्मूला’

शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जयपुर नगर निगम हेरिटेज संजय दत्त की फिल्म लगे रहो मुन्ना भाई का फॉर्मूला अपना रहा है।

image 2024 02 10T091825.220 | Sach Bedhadak

Jaipur Nagar Nigam Heritage : जयपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जयपुर नगर निगम हेरिटेज संजय दत्त की फिल्म लगे रहो मुन्ना भाई का फॉर्मूला अपना रहा है। इस अनूठे अभियान के तहत निगम के कर्मचारी गंदगी फैलाने वाले व्यापारियों और आम जनता को गांधीवादी तरीके से समझा रहे हैं।

कर्मचारी गंदगी फैलाने वाले लोगों को गुलाब का फूल देकर गंदगी के दुष्परिणाम और स्वच्छता के फायदे गिना रहे हैं। नगर निगम हेरिटेज के सभी जोन और वार्ड में शुक्रवार से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और स्वास्थ्य निरीक्षकों ने इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान लोगों ने भविष्य में गंदगी नहीं करने का प्रण भी लिया।

जान रहे लोगों की समस्याएं

गुर्जर ने बताया कि इस अभियान के दौरान निगम के कर्मचारी जहां लोगों को सफाई का महत्व समझाने के साथ ही शहर को गंदा नहीं करने के लिए भी जागरूक कर रहे हैं, उसके साथ ही वे जनता से मिलकर उनको होने वाली समस्याओं की भी जानकारी ले रहे हैं। इसके पीछे मकसद है कि अभी जो समस्याओं की लिस्ट बनेगी उनको आने वाले समय में दूर करने के प्रयास किए जाएंगे।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 की तैयारी शुरू

नगर निगम हेरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 को लेकर जयपुर नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी के तहत शुक्रवार से आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए गांधीवादी तरीके से गुलाब अभियान की शुरुआत की गई है। इसमें हम जनता को गंदगी के दुष्परिणाम बताकर उन्हें कचरा पात्र में कचरा डालने की जानकारी दे रहे हैं, ताकि जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके ।

अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान जारी

साथ ही नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को उपायुक्त सतर्कता एस के मेहरानियां के नेतृत्व में गुर्जर की थड़ी और न्यू सांगानेर रोड पर करवाई की गई। इस दौरान निगम के सतर्कता दस्ते ने न केवल अस्थाई अतिक्रमणों को हटाया गया, बल्कि तीन ट्रक सामान भी जब्त किया गया।

यह खबर भी पढ़ें:-गलत नोटिस दे जनता को परेशान किया तो खैर नहीं, UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने अफसरों को चेताया