कर्नाटक में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आज, CM गहलोत सहित कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

कर्नाटक में आज दोपहर 12.30 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

image 2023 05 20T093035.144 | Sach Bedhadak

Karnataka CM swearing in ceremony : नई दिल्ली। कर्नाटक में आज दोपहर 12.30 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिव कुमार पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस के दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। समारोह में शामिल होने के लिए सीएम गहलोत शुक्रवार को ही बेंगलुरु पहुंच चुके है। समारोह में भाजपा के खिलाफ देश में खड़े हुए प्रमुख नेताओं और इन दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है।

तीन मंच बनाए, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कई नेताओं और अन्य राज्यों के नेताओं की उपस्थिति के बीच कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चले यह सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम स्थल के भीतर और आस-पास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुल तीन मंच बनाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह देखने के लिए लोगों के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।

पहली कैबिनेट बैठक में लागू हो सकती हैं ‘पांच गारंटी’

शपथ ग्रहण के बाद पहली कैबिनेट बैठक में नई सरकार ‘पांच गारंटी’ को लागू करने के लिए कदम उठा सकती है। कांग्रेस ने कर्नाटक में सत्ता में आने के बाद पहले दिन ‘पांच गारंटी’ लागू करने का वादा किया है। इन वादों में सभी घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली (गृह ज्योति), हर परिवार की महिला मुखिया (गृह लक्ष्मी) को 2,000 रुपये मासिक सहायता, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवार के प्रत्येक सदस्य को 10 किलोग्राम मुफ्त चावल (अन्न भाग्य), बेरोजगार स्नातक युवाओं के लिए हर महीने 3,000 रुपए और बेरोजगार डिप्लोमा धारकों (दोनों 18-25 आयु वर्ग में) को दो साल के लिए 1,500 रुपए (युवा निधि) और सार्वजनिक परिवहन बसों (शक्ति) में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा शामिल हैं।

मंत्रियों की स्वीकृत संख्या 34

सिद्धारमैया और शिवकुमार शनिवार बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में दोपहर साढ़े बारह बजे कुछ मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। सिद्धारमैया के सामने पहली चुनौती सही संतुलन के साथ मंत्रिमंडल के गठन की होगी, जिसमें सभी समुदायों, धर्म, वर्गों और पुरानी तथा नयी पीढ़ियों के विधायकों का प्रतिनिधित्व हो। कर्नाटक मंत्रिमंडल में मंत्रियों की स्वीकृत संख्या 34 है और अनेक विधायक मंत्री पद की आकांक्षा रखते हैं। कर्नाटक में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटें अपने नाम कीं, जबकि भाजपा और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीट जीतीं।

ये खबर भी पढ़ें:-नहीं होगी विक्रम लैंडर वाली गलती, चंद्रयान-3 के लैंडिंग इंजन में बदलाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *