सुखदेव गोगामेड़ी हत्याकांड की साजिश में शामिल था नवीन शेखावत…फिर शूटर ने उसे क्यों मारा? अब हुआ खुलासा

जयपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद लगातार चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस दोनों शूटर…

New Project 2023 12 11T150249.461 | Sach Bedhadak

जयपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद लगातार चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस दोनों शूटर नितिन फौजी, रोहित राठौड़ और मदद करने वाले उधम सिंह सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने सात में से 6 आरोपियों को सोमवार तड़के कोर्ट में पेश किया। जहां से सभी 6 आरोपियों को कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं बड़ा सवाल ये है कि दोनों शूटर नितिन फौजी और रोहित राठौड़ के साथ आए अपने साथी नवीन सिंह को भी गोगामेड़ी के साथ क्यों मार डाला। जबकि नवीन सिंह शेखावत ही दोनों शूटर को गोगामेड़ी के घर लेकर गया था।

वहीं इस पूरे मामले को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या को लेकर कई पहलू पर अभी जांच करना बाकी है। कोर्ट ने गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर नितिन फौजी, रोहित राठौड़ और मदद करने वाले उधम सिंह को 5 दिन के रिमांड पर दिया है। इस रिमांड अ‌वधी में इन बदमाशों से अहम सवाल पूछने हैं। जरूरत पड़ी तो इन बदमाशों को हरियाणा भी ले जाया जाएगा।

वहीं दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए 2 शूटरों और उनके एक मददगार ने पूछताछ में कबूल किया कि गोगामेड़ी की हत्या करने से करीब एक हफ्ते पहले इसकी साजिश रची गई थी। आरोपियों ने पूछताछ में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि गोगामेड़ी की हत्या के वक्त मारे गए नवीन शेखावत ने ही उनकी पूरी रेकी की थी। नवीन शेखावत ही दोनों शूटरों नितिन फौजी और रोहित के लेकर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर पहुंचा था।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या को अंजाम देने वाले शूटरों ने पुलिस को बताया कि नवीन सिंह शेखावत काफी समय से वीरेंद्र चारण, संपत नेहरा, रोहित गोदारा के लिए काम कर चुका है। नवीन सिंह हर काम के लिए ज्यादा पैसा लेने लगा था। इसके अलावा नवीन ने वीरेंद्र चारण सहित गैंगस्टरों की ऑडियो रिकॉर्डिंग कर रखी थी। इसके आधार पर नवीन कई बार वीरेंद्र चारण को यह भी बोल चुका था कि उसके पास कई सबूत हैं। इसके आधार पर वह जब चाहे उन्हें पकड़वा सकता है। इसलिए हत्या से एक घंटे पहले नितिन फौजी और रोहित राठौड़ ने नवीन सिंह की कार में उसी के ही मोबाइल से वीरेंद्र चारण से बात की। इसके बाद दोनों शूटरों को नवीन सिंह शेखावत को भी मारने का टास्क दिया गया था। इस बात की जानकारी नवीन के पास भी नहीं थी।

गोगामेड़ी की हत्या के बाद नितिन फौजी को मिलने वाले थे पैसे…

पुलिस की अब तक की पूछताछ में शूटर नितिन फौजी ने बताया है कि वह सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को जानता ही नहीं था। उसे केवल टास्क मिला था कि गोगामेड़ी को मारना है। गोगामेड़ी की हत्या के बाद उसे और उसके परिवार को कनाडा शिफ्ट कर दिया जाएगा। नितिन फौजी से कहा गया था कि गोगामेड़ी की हत्या करने के लिए उसे इतने पैसे मिलेंगे की वह कनाडा में अपना बड़ा बिजनेस खोल सकता है। वहां पहुंचने के बाद भारत की पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकेगी।

हत्या से कुछ घंटे पहले मिले दोनों शूटर…

वहीं, रोहित राठौड़ को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से बदला लेना था। वह जानता था कि वो अकेला गोगामेड़ी की हत्या नहीं कर सकता। इसलिए उसे किसी शूटर की जरूरत होगी। यही कारण रहा कि इस घटना के मास्टर माइंड वीरेन्द्र चारण ने जाट रेजिमेंट से छुट्टी पर घर लौटे नितिन फौजी का गुड़गांव जेल में बंद भवानी सिंह की मदद से ब्रेन वॉश किया। उसे कहा गया कि अगर वह यह हत्या कर देता है तो उसका जीवन सुधर जाएगा और विदेश में रहकर मौज करेगा। इस बात को लेकर नितिन फौजी राजी हो गया। इसके बाद ही वीरेन्द्र चारण ने नितिन और रोहित राठौड़ की मुलाकात हत्या से कुछ घंटों पहले कराई गई थी। जिससे दोनों ज्यादा बातचीत ना कर सकें। हत्याकांड को अंजाम दे सकें। इसकी जिम्मेदारी नवीन सिंह को दी गई थी। दोनों में ज्यादा दोस्ती नहीं होनी चाहिए। दोनों को बार-बार उनके मोटिव को याद दिलाने की जिम्मेदारी नवीन सिंह के पास थी।

इन सवालों की जांच में जुटी पुलिस…

पुलिस अब इस जांच में जुटी है कि इन लोगों को हथियार कहां से मिले। हथियार के साथ-साथ इन लोगों को लोकेशन किस ने बताई। हत्या के बाद का प्लान किस ने समझाया। क्या इन लोगों की गोगामेड़ी से कोई निजी दुश्मनी थी? इन सवालों को लेकर बदमाशों से पूछताछ करने लिए कोर्ट मे तीनों बदमाशों को रिमांड पर दिया हैं।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को घर में घुसकर मारी थीं गोलियां…

बता दें कि जयपुर में बीते 5 दिसंबर को दोपहर करीब 1:12 बजे दो हमलावरों ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या कर दी थी। घटना के दौरान गोगामेड़ी के साथ मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के दौरान हमलावरों ने अपने साथ आए नवीन शेखावत को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं, घर में मौजूद एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गैंगस्टर हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है।