संजीवनी आदर्श को-ऑपरेटिव घोटाला : CM गहलोत ने कहा-गजेंद्र सिंह SOG के पास जाकर बोलें… मुझे अरेस्ट करो

संजीवनी आदर्श को-ऑपरेटिव सोसाइटी घोटाला मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर कांग्रेस द्वारा लगातार वार किया जा रहा है।

cm gehlot 2 | Sach Bedhadak

जयपुर। संजीवनी आदर्श को-ऑपरेटिव सोसाइटी घोटाला मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर कांग्रेस द्वारा लगातार वार किया जा रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गजेंद्र सिंह के घोटाले के पैसों की जांच ईडी को देने की मांग करते हुए कहा कि गजेंद्र सिंह को एसओजी के पास जाना चाहिए और कहना चाहिए कि मुझे अरेस्ट कर लीजिए। उन्होंने कहा कि इससे पहले हमारी सरकार गिरा रहे थे, यह भी एक मुख्य किरदार था। यह वॉयस सैंपल दे नहीं रहा। कोर्ट से बारबार रिलीफ ले रहा है। जोधपुर का सांसद हमारी सरकार को गिरा रहा था, मारवाड़ का मुख्यमंत्री और उसकी सरकार गिराकर मारवाड़ की बेइज्जती कर रहा है।

संजीवनी को-ऑपरेटिव सोसाइटी घोटाले में शेखावत का जुर्म प्रमाणित

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शेखावत पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री संजीवनी को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड घोटाले के मामले में जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। एसओजी की जांच में दसू रे गिरफ्तार किए जा चुके अभियुक्तों के समान धाराओं में ही उनके ऊपर जुर्म प्रमाणित हो चुका है। उन्होंने कहा कि 1 लाख से ज्यादा पीड़ितों की जिदंगीभर की जमापूंजी के करीब 900 करोड़ से ज्यादा की रकम को संजीवनी सोसाइटी ने लूटा है। संजीवनी घोटाले के आरोपियों की प्रोपर्टी तक अटैच नहीं की है। इस मामले में प्रोपर्टी अटैच करने के अधिकार एसओजी के पास ना होकर प्रवर्तन निदेशालय के पास हैं। एसओजी ने पिछले दो साल में ईडी को 5 बार संजीवनी सोसाइटी से जुड़ी प्रोपर्टी अटैच करने का आग्रह किया है।

शेखावत राजस्थान को नीचा दिखाने का मौका नहीं छोड़ रहे: जोशी

अडाणी मामले में भीलवाड़ा में प्रेस वार्ता करते हुए जलदाय मंत्री महेश जोशी ने संजीवनी घोटाले से लेकर प्रदेश में पेयजल आपूर्ति, ईआरसीपी मामले में गजेंद्र सिंह को आड़े हाथों लिया। जोशी ने कहा कि संजीवनी में जनता का पैसा लगा है। जनता को उनका पैसा मिले, इसके लिए कांग्रेस सरकार जांच कराकर दोषियों को सजा दिलाएगी। उन्होंने कहा कि हमने आदर्श घोटाले के मामले में भी जांच करवाई और कई लोग जेल में हैं, ये भी जल्द जेल जाएंगे। जोशी ने ईआरसीपी मामले को लेकर कहा कि हर बार गजेंद्र सिंह राजस्थान को नीचा दिखाने का मौका नहीं छोड़ते। प्रधानमंत्री ने प्रदेश के 13 जिलों के लिए ईआरसीपी योजना की महत्वता बताई थी, लेकिन प्रदेश से आने वाले केंद्रीय जल संसाधन मंत्री नहीं करवा सके। उन्होंने गजेंद्र सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पीएम मोदी और केंद्र सरकार गजेंद्र सिंह को सीरियस नहीं लेते।

पूनियां ने लगाया केंद्रीय मंत्री की मानहानि का आरोप

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री पर केंद्रीय मंत्री की मानहानि करने का आरोप लगाया। पूनियां ने कहा कि राजस्थान में कभी ऐसा माहौल नहीं था, यह प्रतिशोध की राजनीति की पराकाष्ठा है। मुख्यमंत्री एसओजी के मुखिया की तरह बेवजह बयानबाजी कर केन्द्रीय मंत्री की मानहानि कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *