कानून व्यवस्था पर रार… प्रदेशभर में आज कांग्रेस का पैदल मार्च, BJP महिला मोर्चा करेगी थाली नाद

मणिपुर हिंसा के विरोध में आज कांग्रेस पैदल मार्च निकालेगी तो भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर सड़कों पर उतरेगी।

image 2023 07 26T082142.806 | Sach Bedhadak

जयपुर। मणिपुर में चल रहे जातीय संघर्ष, महिलाओं, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों के विरुद्ध बढ़ते अत्याचार के खिलाफ आज कांग्रेस प्रदेशभर में पैदल मार्च निकालेगी तो भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर सड़कों पर उतरेगी। वहीं 27 जुलाई को प्रदेश की सभी 200 विधानसभाओं में युवा मोर्चा मोटरसाइकिल रैली निकालेगा। युवा मोर्चा बेरोजगारी, पेपर लीक को लेकर गहलोत सरकार को घेरेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ आज प्रदर्शन करेंगे। 

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि दो माह से अधिक समय से मणिपुर में जातीय हिंसा जारी है। जिसमें सैंकड़ों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं तथा हजारों लोग बेघर होकर पलायन करने को मजबूर हैं। मणिपुर में महिलाओं के साथ बदसलूकी एवं दुष्कर्म की घटना तथा आदिवासियों एवं अल्पसंख्यकों के विरुद्ध अत्याचार बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे बैठे हैं। केंद्र की डबल इंजन सरकार मणिपुर में स्थिति को सम्भालने में विफल रही है। इसी को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च निकालेंगे। वहीं राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करवाएंगे। 

महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध

‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान के तहत प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध को लेकर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी के नेतृत्व में आज प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। डॉ. रक्षा भंडारी ने बताया कि प्रदेश में लगातार महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर गहलोत सरकार असंवेदनशील है। राजस्थान देश में महिला अपराधों के मामले में नंबर एक पर आ चुका है।

प्रदेश में दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न के बढ़ते मामलों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा 26 जुलाई को प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायकों के आवास का घेराव करेगी। इस दौरान थाली नाद के जरिए प्रदेश की गूंगी बहरी और अराजक गहलोत सरकार को जगाने का प्रयास किया जाएगा। बुधवार को जयपुर की छोटी चौपड़ पर महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रक्षा भंडारी और प्रदेश पदाधिकारी सरकार विरोधी अभियान में शामिल होंगे।

निकालेंगे मोटरसाइकिल रैली

महिला मोर्चा के प्रदर्शन के अगले दिन 27 जुलाई को मोटरसाइकिल रैली निकालेगा। इस रैली में विधानसभा के बीजेपी कार्यकर्ता शामिल होंगे। मोटरसाइकिल रैली को लेकर युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची ने कहा कि हम मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को जागरूक करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सरकार युवाओं के सपनों पर कुठाराघात कर रही है। प्रदेश में पेपरलीक हो रहे हैं। बेरोजगारी चरम पर है। ऐसे में प्रदेश का युवा आक्रोशित है। इसी को लेकर प्रदेश भाजपा नहीं सहेगा राजस्थान अभियान चला रही है। जिसमें प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, किसानों सहित हर वर्ग के मुद्दे को पुरजोर तरीके से बीजेपी उठा रही है।

ये खबर भी पढ़ें:-नहीं सहेगा राजस्थान…BJP का नया प्लान, लाखों कार्यकर्ता 1 अगस्त को करेंगे सचिवालय का घेराव 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *