Rajasthan Election 2023 : BJP का प्लान, चुनावी नेताओं को संगठन के कामकाज से रखेगी दूर

प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन को लेकर पार्टी में कवायद अंतिम दौर में है।

bjp05 | Sach Bedhadak

Rajasthan Election 2023 : जयपुर। प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन को लेकर पार्टी में कवायद अंतिम दौर में है। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश के नेताओं के साथ चर्चा करके यह सूची केन्द्रीय नेतृत्व को भेज दी है। वहां से मुहर लगने के बाद यह सूची जारी की जाएगी। पार्टी ने चुनावी साल होने के कारण चुनाव लड़ने वाले चेहरों को पदाधिकारी नहीं बनाने की रणनीति के तहत यह कवायद की है। नई टीम में कई नए चेहरों को जगह और वर्तमान टीम के चुनावी राजनीति से दूर पदाधिकारियों को प्रमोशन देने का काम किया गया बताया। साथ ही, पार्टी सूत्रों ने जातिगत समीकरणों को साधने वर्तमान टीम के कुछ नेताओं को यथावत रखने का संकेत दिया है।

राष्ट्रीय टीम में शामिल हो सकते हैं कुछ नेता

भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने हाल ही में लाडनूं में हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में स्पष्ट रूप से कहा था कि जो भी पदाधिकारी चुनाव लड़ना चाहते हैं वे खुल कर बताएं, क्योंकि आने वाले समय में संगठन पर काम का दबाव बढ़ेगा। उधर, पार्टी की राष्ट्रीय टीम में भी प्रदेश से कुछ नाम शामिल होने के भी संकेत मिल रहे हैं। इनमें हाल में प्रदेश भाजपा पद से हटाए गए सतीश पूनियां और दीयाकुमारी के नामों की चर्चा है।

बदला जा सकता है अरुण सिंह का प्रभार!

चुनाव से पहले भाजपा की सोशल इंजीनियरिंग के तहत प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह का प्रभार भी बदला जा सकता है। प्रदेश प्रभारी के तौर पर भाजपा किसी ओबीसी या एससी नेता को कमान सौंप सकती है। अरुण सिंह को अन्य प्रदेश में शिफ्ट किया जा सकता है। अरुण सिंह को भाजपा ने कर्नाटक में चुनावी कमान सौंपी थी। वहीं भाजपा में संगठन महामंत्री के तौर पर राज्यों में तैनात किए गए संगठन महामंत्रियों के प्रभार क्षेत्र बदले जाने की भी चर्चा जारों पर है।

भाजपा बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब में अपने प्रदेश संगठन मंत्री बदल सकती है। बिहार भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया के नाम को राजस्थान से जोड़ कर भाजपा के हलकों में चर्चा है। गुजरात के रहने वाले भीखू भाई राजस्थान विधानसभा और लोकसभा चुनाव में प्रदेश के उदयपुर संभाग में कमान संभाल चुके हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर को भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव पहले उत्तर प्रदेश भाजपा से यहां शिफ्ट किया था।

राजे की दिल्ली में नेताओं से मुलाकात

इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राजस्थान भाजपा प्रभारी अरुण सिंह के साथ मुलाकात की। प्रदेश भाजपा में नई टीम के गठन के दौर में राजे की इन नेताओं से मुलाकात के महत्वपूर्ण मायने निकाले जा रहे हैं। राजे 10 से 12जून तक झारखंड के दौरे पर रहेंगी।

ये खबर भी पढ़ें:-IPS Transfer List : प्रदेश के पुलिस बेड़े में फिर बड़ा फेरबदल, 20 IPS के तबादले, 15 नए जिलों में लगाए OSD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *