PCC चीफ ने माना, प्रदेश कांग्रेस में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर हुई गलती, अब सुधार के लिए बनाएंगे नए नियम

प्रदेश कांग्रेस में सचिन पायलट की ओर से वसुंधरा सरकार के कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग छेड़ने के बाद अब कांग्रेस एकजुट होने का संदेश दे रही है।

Govind Singh Dotasara | Sach Bedhadak

Govind Singh Dotasara : जयपुर। प्रदेश कांग्रेस में सचिन पायलट की ओर से वसुंधरा सरकार के कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग छेड़ने के बाद अब कांग्रेस एकजुट होने का संदेश दे रही है। मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अनभिज्ञता दिखाते हुए कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने की बात कही। डोटासरा ने कहा कि किसने क्या मांग रखी, किसने अनशन किया, मुझे जानकारी नहीं है। मेरे सामने किसी ने कोई मांग नहीं रखी। जो भी बात है, हम घर में बैठकर चर्चा कर लेंगे।

डोटासरा ने प्रदेश कांग्रेस में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर गलती मानते हुए बची हुई नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की बात कही। डोटासरा ने शनिवार को कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के नए के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह सही है कि जो पॉलिटिकल नियुक्ति समय पर होनी चाहिए थी, इसमें देरी हुई है। उसको लेकर हमने सबक लिया है। इसके लिए आगे एक नियम बनाया जाएगा, जिससे कि सरकार बनने के बाद 3 से 6 महीने के अंदर सभी राजनीतिक नियुक्तियां की जा सके।

कांग्रेस का भाजपा पर सीधा निशाना

डोटासरा ने भाजपा की रीति-नीतियों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में घोटाला हुआ है, इसमें कोई शक नहीं है। पिछली सरकार ने घोटाला किया, आमजन के लिए कोई काम नहीं किया। इसीलिए तो जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाई। पायलट को लेकर गजेंद्र सिंह द्वारा दिए गए बयान को लेकर डोटासरा ने कहा कि राजस्थान से जल के मंत्री होने के बाद जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा में सबके मुख्यमंत्री बनने के सपने हैं। उन्होंने कहा कि गजेंद्र सिंह के मामले में जो भी कानूनी प्रक्रिया है, उसका पालन हो रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

भाजपा में शामिल नहीं होंगे पायलट

गजेंद्र सिंह के बयान का जवाब देते हुए मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि सचिन पायलट बीजेपी में शामिल नहीं होंगे, मेरी उनसे बात हो गई है। उन्होंने इन सब चर्चाओं को गलत बताया। खाचरियावास ने कहा कि पार्टी में किसी तरह की तकरार नहीं है। हम सब एकजुट हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी हम साथ थे, तब सरकार बनी थी। अभी भी हम साथ हैं तो सरकार बनाएंगे। पार्टी में छोटी-मोटी बातें हुई थीं, लेकिन सब खत्म हो गई है। अब किसी तरह का कोई मतभेद और मनभेद नहीं है। एकजुटता के साथ आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता के बीच में जाएंगे।

ये खबर भी पढ़ें:- Weather Updates : गर्मी ने छुड़ाया पसीना, राजस्थान में 16 जगह पारा 40 के पार, श्रीगंगानगर रहा सबसे गर्म

राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा में समझ में आया ओबीसी का महत्व

वहीं, ओबीसी प्रकोष्ठ के नए कार्यालय के उद्घाटन कायर्कम में पंहुचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन अजय सिंह यादव ने ओबीसी के महत्व को लेकर कहा कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा में ओबीसी का महत्व समझ में आया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा की, तो उन्हें पता लगा की ओबीसी ऐसी ताकत है, जिसकी उपेक्षा कर कोई भी सरकार सत्ता में नहीं सकती।

देश की राजनीति में राहुल गांधी का ग्राफ बढ़ा है, उससे भाजपा बौखलाई हुई है। वहीं विभाग के प्रदेश चेयरमैन हरसहाय यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में जिलाध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी, ब्लॉक अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी के गठन का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि ओबीसी कार्यकर्ता सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का काम करेंगे।

ये खबर भी पढ़ें:-अतीक अहमद-अरशद की हत्या के बाद UP में हाई अलर्ट, 17 पुलिसकर्मी सस्पेंड, विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *