दहेज के लिए पत्नी को उतारा मौत के घाट! 7 महीने पहले नेपाल में शादी…फिर जयपुर बुलाकर पति ने गला घोंटा

Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी…

Rajasthan Wife Murder Mystery | Sach Bedhadak

Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और लाश को घर में बंद कर फरार हो गया। महिला की सात महीने पहले शादी हुई थी। आरोपी पति ने पत्नी को दिवाली से पहले ही नेपाल से भारत बुलाया था। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार पति की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि गीता रोका (30) निवासी नेपाल हाल सांगानेर सदर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला ने शिकायत में बताया कि उनकी छोटी बहन संगीता रोका (26) पुत्री रत्ने सार्की की उसके पति ने हत्या कर दी है। महिला का आरोप है कि 4 मई 2023 को संगीता की शादी दोखला (नेपाल) निवासी संदीप मेजर उर्फ विशाल (28) से हुई थी। शादी के बाद से ही संगीता को दहेज की मांग को लेकर संदीप ने संगीता के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। शादी के एक महीने बाद ही संदीप अपनी पत्नी संगीता को काठमांडू में अकेला छोड़कर भारत में काम करने आ गया।

दीपावली से पहले पत्नी को बुलाया था भारत…

गीता ने बताया कि दीपावली से पहले संदीप ने कॉल कर संगीता को भारत आने को कहा। दिवाली से 4-5 दिन पहले संगीता नेपाल से भारत आ गई। जयपुर आने के बाद संदीप ने संगीता को नेमी सागर कॉलोनी, वैशाली नगर स्थित घर में नहीं रखा, बल्कि उसे बापू नगर में बच्चों की देखरेख के लिए केयरटेकर की नौकरी पर लगा दिया।

यह खबर भी पढ़ें :- टोंक में छात्र की निर्मम हत्या…हाथ-पैर बांधे, गले में डाला फंदा फिर कुएं में लटकाया

संदीप ने संगीता के साथ की मारपीट…

इसके बाद 10 दिसंबर को संदीप अपनी पत्नी संगीता को बापू नगर से अपने घर नेमी सागर कॉलोनी लेकर आया। घर लेकर आने के बाद संदीप ने संगीता के साथ मारपीट की। करीब तीन दिन बाद 13 दिसंबर को संदीप ने संगीता की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में बंद कर फरार हो गया।

परिचित मनीषा ने गीता को फोन कर संगीता के साथ अनहोनी की आशंका जताई। जिसके बाद गीता ने संगीता के साथ अनहोनी की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां जाकर देखा तो घर के बाहर से कुंदी लगी मिली। जब टीम घर के अंदर गई तो बेड पर संगीता की लाश पड़ी मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने मृतका की बहन की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह खबर भी पढ़ें :- Banswara: अस्पताल के गार्ड की हत्या के मामले में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गिरफ्तार, भाई के साथ किया सरेंडर

पुलिस ने हत्यारे पति की तलाश शुरू की…

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में गला दबाकर संगीता की हत्या करना सामने आया है। पुलिस ने FSL टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए गए हैं। मृतका संगीता की बहन गीता ने वैशाली नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि शक है कि पति संदीप ने गला दबाकर संगीता की हत्या कर दी। संगीता की हत्या के बाद उसके शव को कमरे में बंद कर आरोपी पति फरार हो गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार पति की तलाश शुरू कर दी है।