खिले चेहरे, जीने की उमंग…3 पाक विस्थापितों को मिली भारतीय नागरिकता, टीना डाबी से बोले ‘थैंक्यू मैडम’

कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि पिछले एक साल में 31 लोगों को भारतीय नागरिकता दी गई है। आज भी 3 लोगों को नागरिकता दी गई है।

Tina Dabi | Sach Bedhadak

जैसलमेर। जिला कलेक्टर टीना डाबी (Tina Dabi) ने एक फिर पाकिस्तानी प्रवासियों को भारत की नागरिकता प्रदान की है। भारत की नागरिकता मिलने से सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। मंगलवार को जैसलमेर में कलेक्टर टीना डाबी ने तीन पाकिस्तानी प्रवासियों को भारतीय नागरिकता प्रदान की। इस मौके पर टीना डाबी ने कहा कि पिछले एक साल में 31 लोगों को भारतीय नागरिकता दी गई है और हमारा लक्ष्य 100 पार करना है।

कलेक्टर टीना डाबी ने मंगलवार को जैसलमेर आयोजित समारोह के दौरान सदोरीबाई, सत्तार और हुरमी को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर गोपाललाल स्वर्णकार सीमांत हिन्दू संगठन के हिंदू सिंह सोढा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इस मौके पर कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि पिछले एक साल में 31 लोगों को भारतीय नागरिकता दी गई है। आज भी 3 लोगों को नागरिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है 100 पार करना है और 100 ही क्या हम चाहते हैं कि जितने लोगों को नागरिकता दी जा सकती है, उतने लोगों को नागरिकता दे दें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हमेशा इन लोगों के हित में काम करने के लिए तत्पर है। जिला प्रशासन द्वारा पाक विस्थापितों की मदद के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। भारत की नागरिकता मिलने से अब ये लोग प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

पाकिस्तानी प्रवासियों ने कलेक्टर को कहा-थैंक्स

भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र मिलने पर पाक प्रवासियों के चेहरे खुशी से खिल उड़े। इस पर इन लोगों ने जिला कलेक्टर टीना डाबी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकता मिलना उनके लिए नए जन्म जैसा है। वे अब सुकून की सांस ले पाएंगे। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे, ताकि आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

जैसलमेर और जोधपुर के कलेक्टर ही दे सकते है नागरिकता प्रमाण पत्र

बता दें कि केंद्र सरकार ने जैसलमेर और जोधपुर जिले के कलेक्टर को पाक प्रवासियों को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र देने के लिए अधिकृत कर रखा है। इन दोनों जिलों के कलेक्टर अपने स्तर पर ही जांच-पड़ताल कर पाक से आए हिंदुओं परिवारों को नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान कर सकते है। भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र मिलने पर इन लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाता है।

पिछले महीने सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुई थी टीना

बता दें कि पिछले महीने पाक विस्थापित हिंदुओं के घर गिराने के आदेश के बाद कलेक्टर टीना डाबी सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुई थी। अतिक्रमण के नाम पर पाकिस्तान से आए सैकड़ों हिंदू शरणार्थियों के घरों को जमींदोज करवाने के बाद टीना की जमकर आलोचना हुई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि बेघर हुए हिंदू शरणार्थियों को नया आशियाना दिया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर टीना डाबी ने अपना वादा निभाया। नगर विकास न्यास की ओर से मूल सागर गांव में 40 बीघा जमीन चिह्नित कर पाक विस्थापित हिंदुओं नया आशियाना दिया गया था।

ये खबर भी पढ़ें:-‘हम साथ जी नहीं सकते तो क्या, साथ मर तो सकते हैं’ सुसाइड नोट लिख फंदे से झूला प्रेमी जोड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *