राम की भक्ति में डूबी छोटी काशी…प्रभु श्रीराम के स्वागत में अल्बर्ट हॉल पर आज एक साथ उड़ेंगे 300 ड्रोन

लंबे इंतजार के बाद आज अयोध्या में प्रभुश्री राम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होगी। पूरे देश में उत्सव सा माहौल है। प्रदेश में भी दिवाली जैसा माहौल नजर आ रहा है।

image 2024 01 22T080225.313 | Sach Bedhadak

Ramlala Deepotsav festival in Jaipur : जयपुर। लंबे इंतजार के बाद आज अयोध्या में प्रभुश्री राम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होगी। पूरे देश में उत्सव सा माहौल है। प्रदेश में भी दिवाली जैसा माहौल नजर आ रहा है। घर-घर में दीपोत्सव की तैयारी चल रही है। प्रदेश के लगभग सभी शहरों, कस्बों व गांवों में रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा पर उत्सव मनाया जाएगा। लोगों ने अपने घरों पर भगवा ध्वजा लहराई है। राजधानी में भी समारोह को लेकर उत्साह चरम पर है। यहां के सभी छोटे-बड़े मंदिरों को रंगीन रोशनी से सजाया गया है। रंगोली बनाई गई है। 

सर्वसमाज की ओर से रामगंज चौपड़ स्थित मुरली मनोहर मंदिर पर सवा लाख दीपकों से महाआरती की गई। इस महाआरती में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मंदिरों में विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे। ये अनुष्ठान रविवार को भी जारी रहे। नगर निगम मुख्यालयों को रंगीन रोशनी से सजाया गया है। 

प्रभु के स्वागत में अल्बर्ट हॉल पर आज एक साथ उडे़ंगे 300 ड्रोन

रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को भव्य बनाने के लिए रामनिवास बाग को अयोध्या सा रूप दिया गया है। यहां 35 फीट ऊं चा श्रीराम मंदिर का निर्माण अंतिम चरण में है। इसे बनाने के लिए 150 बंगाली कारीगर जुटे हैं। अयोध्या की तर्ज पर रामद्वार, सीताद्वार, लक्ष्मण द्वार, हनुमान द्वार भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आज यहां 300 ड्रोन आकाश में एकसाथ उड़ेंगे और हवा में राम मंदिर की प्रतिकृति बनाएंगे। 

सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा हैं, जिसे तीन से चार किमी तक की दूरी से लोग देख सकेंगे। श्री धर्मफाउंडेशन ट्रस्ट, नगर निगम ग्रेटर जयपुर एवं जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल पर प्रभु श्रीराम लला दीपोत्सव पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 

विशेष आकर्षण ड्रोन शो होगा। ट्रस्ट के एमएल सोनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी गीतों की प्रस्तुति होगी। रामनिवास बाग में कन्नौज के विशेष इत्र का छिड़काव किया जाएगा और साथ ही हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश होगी और महाआरती होगी।