राजे समर्थक और मेघवाल विरोधी भाटी की घर वापसी, तीसरी बार BJP में शामिल,जानें-पहले क्यों बनाई थी दूरी?

भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार रात एक बार फिर कुछ नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Devi Singh Bhati

Devi Singh Bhati :  जयपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार रात एक बार फिर कुछ नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व मंत्री और कोलायत से सात बार विधायक रहे देवी सिंह भाटी की फिर से भाजपा में वापसी हुई और प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और जॉइनिंग कमेटी के सदस्य वासुदेव देवनानी की मौजूदगी में रात 10 बजे भाटी को पार्टी की सदस्यता दिलवाई गई। बता दे कि देवी सिंह भाटी को पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का कट्‌टर समर्थक और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का विरोधी माना जाता है। क्योंकि मेघवाल की वजह से ही भाटी ने आज से चार साल पहले बीजेपी ने नाता तोड़ा था। लेकिन, अब चुनाव से पहले भाटी की घर वापसी से बीजेपी और मजबूत हो गई है।

इस दौरान भाटी के अलावा सीएलसी के डायरेक्टर श्रवण चौधरी, बांदीकुई से भाजपा के पूर्वप्रत्याशी भागचंद सैनी और गेटवैल हॉस्पिटल सीकर के बीएल रिणवां को भी भाजपा का दुपट्टा पहनाकर सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में भाजपा परिवार में सदस्यता ग्रहण करने को लेकर बहुत उत्साह है। कांग्रेस के जंगलराज से आज हर वर्ग परेशान है। आज भारतीय जनता पार्टी का परिवार ओर बढ़ रहा है, लोगों की भाजपा के प्रति आस्था और विश्वास बढ़ा है। यह पूर्ण रूप से स्पष्ट है कि प्रदेश में आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत से जीत हासिल होगी।

परिस्थितियों के कारण हुआ था अलग 

भाटी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि कुछ परिस्थितियों के कारण मैं पार्टी से अलग हुआ था, लेकिन जो गिले शिकवे थे दूर हुए तो फिर से पार्टी में आ गया। पीएम मोदी ने ऐसा काम किया है पूरे विश्व में भारत का नाम हुआ हैं। पांच वर्ष बाद भाजपा ने मुझे छाती से लगाया है, मै खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। कु छ गिले शिकवे थे वो अब दूर हो गए है। 

भाटी ने इसलिए छोड़ी थी पार्टी 

कोलायत विधानसभा से सात बार विधायक रहे देवी सिहं भाटी कई दिनों से भाजपा से बाहर थे। भाटी लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को टिकट दिए जाने से नाराज थे। 2019 में इस्तीफा दे दिया था। हालांकि यह पहला मौका नहीं था जब देवी सिंह भाटी ने पार्टी को छोड़ा हो 2019 से पहले देवीसिंह भाटी ने 2003 में भी अपनी नई पार्टी सामाजिक न्याय मंच से चुनाव लड़ा और जीता था।

भाजपा परिवार के बढ़ने का सिलसिला जारी 

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा का कुनबा बढ़ने का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा के प्रति आमजन का बेहद विश्वास है। कांग्रेस के राहुल गांधी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कई नेता यह मान चुके है कि कांग्रेस राजस्थान में सरकार नहीं बना पा रही है। इनके बयानों से लगातार घबराहट सामने आ रही है। अब 2023 में राजस्थान में कमल खिलने वाला है। 

प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि ज्वॉइन करने वाले सभी सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास कर ही पार्टी जॉइन की है। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो कल्चर बचा है ना ही कार्यकर्ता। जनता ने इस बार मन बना लिया है कि इस भ्रष्ट और नकारा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए वोट की चोट देंगे।

ये खबर भी पढ़ें:-‘ED-CBI के डर से BJP में गई ज्योति’ बेनीवाल ने गहलोत-वसुंधरा पर भी बोला हमला