Jhunjhunu Blast : छत तोड़ दूसरी छत पर जा गिरी महिला, 20 साल पहले भी यहीं हुआ था भीषण हादसा

जिले में एक दिल दहलाने वाला ऐसा हादसा सामने आया कि आस-पास के लोग सीहर उठे।

Jhunjhunu Blast

Jhunjhunu Blast : झुंझुनूं। जिले में एक दिल दहलाने वाला ऐसा हादसा सामने आया कि आस-पास के लोग सीहर उठे। दरअसर, एक शौरगर परिवार के घर में चल रही पटाखा फैक्ट्री में बुधवार सुबह ऐसा भीषण धमाका हुआ कि वहां काम कर रही एक महिला कमरे की छत के आर-पार होते हुए पड़ोसी की छत पर जा गिरी। विस्फोट के साथ ही करीब 25 फीट दूर जाकर गिरी महिला के शरीर के चिथड़े उड़ गए और शव के टुकड़े इधर-उधर बिखर गए। 20 साल पहले 5 लोगों की हुई थी मौत

चौंकाने वाली बात ये है कि जिस घर में बुधवार को विस्फोट हुआ है, उस घर में करीब 20 साल पहले भी हादसा हुआ था। उस समय विजय दशमी से पहले शौरगर परिवार को रावण बनाने का ठेका मिला था। इससे घर में रावण बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान विस्फोट से मकान ढह गया था और परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई थी।

दिल दहला देने वाला यह हादसा झुंझनूं के उदयपुरवाटी में हुआ। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में बारूद रखा हुआ था, धमाका उसी में हुआ। महिला के शव को उदयपुरवाटी के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के मॉर्चरी में रखवा दिया गया। महिला का नाम आफरीन है। उसके ससुर लाल मोहम्मद के नाम से पटाखे बनाने का लाइसेंस था। लाल मोहम्मद की वर्ष 2022 में मौत हो चुकी है। सूचना के बाद उदयपुरवाटी पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने हादसे वाले कमरे को लॉक कर दिया है। विस्फोट सामग्री में हुए धमाके से आस-पास के मकानों में भी दरारें आई है। जिस मकान में ब्लास्ट हुआ, वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके से मोहल्ले के लोग सहम गए और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूत्रों के अनुसार पुलिस के आने से पहले ही बारूद के कई कट्टों को आस-पास के गोदामों में छुपा दिया गया। 

धमाके से लोगों में फैली दहशत 

स्थानीय लोगों ने बताया इस्लामिया मदरसा के पास सुबह करीब 8 बजे इतनी तेज ब्लास्ट हुआ कि पूरे उदयपुरवाटी में इसकी आवाज सुनाई दी। इससे इलाके में दहशत का माहौल हो गया। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, पटाखा बनाने वाले मुस्लिम शौरगर परिवार के सभी लोग सुबह अपने-अपने काम में लगे हुए थे। वहीं महिला अफरीन (27) पत्नी जावेद भी अपने कमरे में कुछ काम कर रही थी।

तभी उसी कमरे में जोरदार विस्फोट हो गया और महिला उसके चपेट में आ गई। यहां करीब पांच-सात परिवार एक ही मकान में रहते हैं। सूचना मिलने पर एएसआई रामसिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को उदयपुरवाटी सीएचसी स्थित मोर्चरी में रखवाया और मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। एएसआई ने बताया कि मुस्लिम मदरसा के नजदीक जावेद के घर में हादसा हुआ है। महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ोसी के घर की छत पर मिला।

मासूमों से छिना मां का साया 

मृतका अफरीन का पति जावेद सांप पकड़ने का काम करता है। शादी विवाह के मौके पर रेडीमेड पटाखों की दुकान को चलाकर मजदूरी भी कर लेता है। उसके दो बेटे हैं। इनमें बड़ा बेटा अयाज करीब साढ़े तीन साल का है तथा छोटा बेटा अदनान छह माह का है। ऐसे में दोनों मासूमों के सिर से मां का साया छिन गया।

ये खबर भी पढ़ें:-PM Modi France Visit : मजबूत होगा भारत का रक्षा तंत्र, राफेल-M फाइटर जेट की खरीद पर करार संभव 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *