CM गहलोत का BJP पर तंज-कभी 21वीं सदी की बात पर विपक्ष उड़ाता था हंसी, आज देश में कम्प्यूटर क्रांति

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

image 2023 05 21T132012.814 | Sach Bedhadak

Rajiv Gandhi martyrdom day : जयपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज की शक्तियां लोकतंत्र को खत्म कर रही है। लेकिन, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी के सपने को साकार करते हुए लोकतंत्र को बचाना होगा। साथ ही बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि कभी जब राजीव गांधी 21वीं सदी की बात करते थे, तब विपक्ष उनका मजाक उड़ाता था। लेकिन, आज देश में कम्प्यूटर क्रांति है। पीसीसी में सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी की दूर दृष्टि थी कि उन्होंने 18 साल के युवा को मताधिकार दिया। देश में नौजवानों की आबादी बढ़ रही है। राजीव गांधी ने एससी-एसटी को राजनीति में भागीदारी का अधिकार दिया और महिलाओं को राजनीति का अधिकार दिया।

विपक्ष पर तंज कसते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी 21वीं सदी की बात करते थे। तब विपक्ष हंसी उड़ाता था, लेकिन आज देश में कम्प्यूटर क्रांति है। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भाखड़ा नागल बांध बनाया, तब भी भाजपा वाले मजाक बनाते थे। लेकिन, भाखड़ा नागल बांध के क्या मायने है आज ये सबको पता है। पीएम मोदी दुनिया में जाते है तो लोग उन्हें कहते है कि आप गांधी के देश से आए है। गांधी परिवार ने देश के लिए बहुत कुछ किया है। भारत और पाकिस्तान एक साथ स्वंतत्र हुए थे। लेकिन, आज पाकिस्तान कहां पर है और पड़ोसी देश की क्या हालत है ? इसका कारण कांग्रेस की सरकारों ने देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। लेकिन, आज मीडिया दवाब में है। देश के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी शहीद हो गए। गांधी परिवार का कोई सदस्य 35 साल से ना पीएम बना और ना ही कोई केंद्र में मंत्री बना है।

विपक्ष पर साधा निशाना, राजीव को याद कर भावुक हुए गहलोत

सीएम गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज लड़ाई विचारधारा की है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। देशभर में राष्ट्र विरोधी गतिविधियां की जा रही है, ऐसी सरकार का क्या फायदा। बीजेपी और आरएसएस की सोच के बारे में कुछ नहीं कह सकते है। लेकिन, आज मुद्दा लोकतंत्र को मजबूत करने का है। हम खुद लोकतंत्र के लिए मेहनत कर रहे है और निंदा ना करें। मुख्यमंत्री गहलोत अपने संबोधन के दौरान भावुक हो गए। राजीव गांधी को याद करते हुए गहलोत ने कहा कि एक-डेढ़ महीने बाद राजीव गांधी पीएम बनने वाले थे, लेकिन वो हमारे बीच से चले गए। जब मुझे उनकी मौत की सूचना मिली, तब ऐसा लगा पैरों तले धरती खिसक गई हो और मुझे विश्वास ही नहीं हुआ।

मोबाइल और कंप्यूटर, राजीव गांधी की देन : रंधावा

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रंधावा ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या का दिन है, उस दिन को कोई नहीं भूल सकता है। देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी। विपक्षी दल कहते है कांग्रेस ने 70 सालों में देश को क्या दिया ? आज आपके हाथ में मोबाइल, कंप्यूटर है। कांग्रेस नेताओं ने निस्वार्थ भाव से देश के लिए काम किया। वो बिना अपने प्राणों की चिंता किए हुए देश को आगे लेकर गए। लेकिन, जो आदमी अपना पास्ट भूल जाता है, वो कभी तरक्की नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में कांग्रेस जीतेगी। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी के लिए और देश की मजबूती के लिए काम करें। देश मजबूत होगा तो कांग्रेस मजबूत होगी। पार्टी के सभी कार्यकर्ता राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने की कोशिश करें।

डोटासरा ने गिनाएं राजीव गांधी के काम

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि देश के विकास के लिए राजीव गांधी ने अनेक कार्य किए। राजीव गांधी पंचायतीराज एक्ट लेकर आए, जिससे योजनाएं नीचे तक लेकर जांए। ग्रामीण क्षेत्र का विकास उनकी देन है। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया। आधुनिक भारत आज देख रहे वो राजीव गांधी की देन है। कंप्यूटर क्रांति वो लेकर आए। राजीव गांधी का विदेश में मान सम्मान था, आज जिनको जितना मिल रहा उससे अधिक मान सम्मान राजीव गांधी का था। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा में राजस्थान अग्रणी है। गहलोत सरकार ने इस दिशा में अच्छा काम किया है। 2023 में हमें फिर सरकार लानी है। शुरुआत हिमाचल और कर्नाटक से हो चुकी है। लेकिन, इसके लिए जरूरी है कि राजीव गांधी के बताए रास्ते पर चले।

कांग्रेसी नेताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि

पीसीसी में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रभारी सुखजिंदर रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री महेश जोशी, प्रतापसिंह खाचरियावास, ममता भूपेश, चंद्रभान, विधायक प्रशांत बैरवा, विधायक अमीन कागजी, अश्क अली टांक, अर्चना शर्मा सहित अनेक नेताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

ये खबर भी पढ़ें:-राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि : वीर भूमि पर सोनिया-राहुल ने दी श्रद्धांजलि, जयपुर में हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *