राजस्थान में ‘कोहरा’ फिर बना काल…3 हादसों में गई 3 लोगों की जान, 6 घायल

भरतपुर। राजस्थान में घने कोहरे के कारण मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक कई सड़क हादसे हुए। राजस्थान में कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों…

New Project 2023 12 27T155358.150 | Sach Bedhadak

भरतपुर। राजस्थान में घने कोहरे के कारण मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक कई सड़क हादसे हुए। राजस्थान में कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों में कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इनमें 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 6 लोग घायल हैं। पहला हादसा भरतपुर में हुआ। यहां एक बस और ऑटो की भिड़ंत हुई। इसमें एक महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं हनुमानगढ़ में एक बस और जीप की टक्कर में 1 व्यक्ति की मौत हो गई। सीकर में NH-52 पर दो कार और एक बस टकराने से 6 लोग घायल हो गए।

पहला हादसा भरतपुर में हुआ। यहां कोहरे के चलते भरतपुर डिपो की बस एक ऑटो से टकरा गई। इसमें सवार एक युवक और महिला की मौत हो गई। वहीं 1 अन्य घायल हो गया। बस और ऑटो में टक्कर होते ही दोनों वाहनों के ड्राइवर मौके से भाग गए। हादसा सुबह 9 बजे भरतपुर के सेवर थाना इलाके का है।

सेवर थाना पुलिस ने बताया कि यह हादसा चामड़ देवी के मंदिर के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ। सेवर की तरफ से एक ऑटो आ रहा था। जिसमें महिला राम मूर्ति (54) निवासी इंद्रा नगर कॉलोनी हेलक, महाराज सिंह (30) और करन (14) निवासी विजय नगर कॉलोनी बैठे हुए थे। वहीं बस भरतपुर रोडवेज से सेवर की तरफ जा रही थी।

कोहरे के कारण अचानक बस और ऑटो में भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों ने सेवर थाने को हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां महिला राम मूर्ति और महाराज सिंह की मौत हो गई। वहीं करण गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

काल बना कोहरा, 3 की मौत

बता दें कि सोमवार सुबह भी बाड़मेर में घने कोहरे के कारण दो वाहनों की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर धोरीमन्ना टोल प्लाजा के पास हुआ। तनोट माता मंदिर (जैसलमेर) से दर्शन कर लौट रहे गुजरात के चार दोस्तों की कार सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण दूसरे वाहन से टकरा गई। मृतकों की पहचान विष्णु (50), जितिन (48) और जिग्नेश कुमार (50) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने चारों युवकों को धोरीमन्ना अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि तीनों अहमदाबाद के रहने वाले थे।