क्या पिता भंवरलाल की तरह अनिल शर्मा देंगे अशोक पिंचा को मात ? सरदारशहर की राजनीति में है दबदबा

सरदारशहर के नए सरदार की ताजपोशी के लिए बिगुल बज चुका है। इसके लिए भाजपा प्रत्याशी अशोक पिंचा ने तो आज नामांकन भी भर दिया…

ezgif 4 0f4d4ecb4c | Sach Bedhadak

सरदारशहर के नए सरदार की ताजपोशी के लिए बिगुल बज चुका है। इसके लिए भाजपा प्रत्याशी अशोक पिंचा ने तो आज नामांकन भी भर दिया तो वहीं आज ही कांग्रेस ने दिवंगत भंवरलाल शर्मा के बेटे और राजस्थान राज्य आर्थिक पिछड़ा वर्ग बोर्ड के चेयरमैन अनिल शर्मा को टिकट दे दिया है। अब सरदारशहर का मुकाबला और भी ज्यादा दिलचस्प हो गया है। क्योंकि इस चुनाव में अब सरदारशहर की राजनीति में वर्षों में जमे दो दिग्गज नेताओं के बीच कांटे की टक्कर देखेने को मिलेगी।

अशोक पिंचा की तरह अनिल शर्मा भी राजनीति के पक्के खिलाड़ी माने जाते हैं। अनिल शर्मा साल 1995 में सरदारशहर नगरपालिका के चेयरमैन बने थे। साल 2000 से लेकर 2018 तक वे सरदारशहर कांग्रेस ब्लॉक के अध्यक्ष भी चुके हैं। इसके बाद साल 2022 तक उन्होंने राजस्थान कांग्रेस के शहरी निकाय प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष का पद भी संभाला। इसीके बाद वे राजस्थान राज्य आर्थिक पिछड़ा वर्ग बोर्ड के चेयरमैन बने।

17 नवंबर को दाखिल करेंगे नामांकन

अनिल शर्मा इस समय राजस्थान राज्य आर्थिक पिछ़डा वर्ग बोर्ड के चेयरमैन तो हैं ही उन्हें सरकार की ओर से राज्यमंत्री की दर्जा भी मिला हुआ है। इसके अलावा वे जयपुर में भी सक्रिय हैं। वे ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। अनिल शर्मा बीते सितंबर को ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चुने गए थे।

सरदारशहर उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर पहले ही कई चर्चाएं चल रही थीं कि दिवंगत विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे अनिल शर्मा की उम्मीदवारी तय की जा रही है। अनिल शर्मा ने पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से जयपुर में मुलाकात की थी। जिसके बाद वे बीत 3 दिनों से सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र मे बकायदा जनसंपर्क कर रहे हैं। अब तो अनिल शर्मा के नाम पर कांग्रेस ने मुहर लगा दी है। जानकारी के मुताबिक अनिल शर्मा 17 नवंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा भी मौजूद हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *