भरतपुर में रचा जाएगा नया इतिहास, 108 फीट के गोवर्धन की होगी पूजा

भरतपुर। जिले का महारानी श्री जया कॉलेज जहां पूर्व में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद, उनके भाई रूपचंद व मेजर ध्यानचंद के बेटे अशोक कुमार…

भरतपुर में रचा जाएगा नया इतिहास, 108 फीट के गोवर्धन की होगी पूजा

भरतपुर। जिले का महारानी श्री जया कॉलेज जहां पूर्व में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद, उनके भाई रूपचंद व मेजर ध्यानचंद के बेटे अशोक कुमार हॉकी ने अपनी जादुई कलाइयों का कमाल दिखाया है। तो वहीं इस मैदान से कई ऐसे खिलाड़ी भी निकले हैं जिन्होंने देश विदेश में भरतपुर का नाम रोशन किया है। अब यह खेल का मैदान एक और नया इतिहास रचने जा रहा है। दरअसल यहां गोवर्धन पर्व पर 108 फीट का गोवर्धन, गाय के गोबर से बनाया जा रहा है और गोवर्धन महाराज की पूजा करने बड़ी संख्या में लोग महारानी श्री जया कॉलेज मैदान पहुंचेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे भरतपुर दीप महोत्सव कार्यक्रम के तहत कॉलेज मैदान पर 108 फीट का गोवर्धन बनाने का कार्य पिछले कई दिनों से चल रहा है। विप्र फाउंडेशन एवं लायंस क्लब भरतपुर सेंचुरी के तमाम पदाधिकारी व नगर निगम यूआईटी एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी-कर्मचारी गाय के गोबर से 108 फीट का गोवर्धन बनाने में जुटे हुए हैं।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और आज उन्होंने महारानी श्री जया कॉलेज मैदान पहुंचकर गोवर्धन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है क्योंकि भरतपुर भी ब्रज का एक हिस्सा है तो यहां भी गोवर्धन पूजा का उल्लास व उमंग लोगों में देखने योग्य है। उन्होंने कहा कि इसी बात को मद्देनजर रखते हुए भरतपुर दीप महोत्सव कार्यक्रम के तहत जितने भी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उनमें मुख्य आकर्षण 108 फीट के गोवर्धन पूजा का है। उन्होंने कहा कि भरतपुरवासियों को गोवर्धन पूजा का जिला प्रशासन द्वारा निमंत्रण दिया गया है। साथ ही भरतपुर के विश्वविख्यात केवलादेव नेशनल पार्क सहित अन्य पर्यटन स्थलों को देखने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी गोवर्धन पूजा के लिए आमंत्रित किया गया है।


उन्होंने कहा कि देश में संभवत ऐसा पहली बार इतने विशाल गोवर्धन की पूजा भरतपुर लोहागढ़ में की जाएगी। नगर निगम यूआईटी, सामाजिक संस्था विप्र फाउंडेशन, लायंस क्लब भरतपुर सेंचुरी द्वारा बनाए जा रहे विशाल गोवर्धन को देखने के लिए अभी से लोगों का आना शुरू हो गया है। इस कार्य़क्रम में नगर निगम आयुक्त कमलराम मीणा, यूआईटी के अधिशासी अभियंता विनोद चौहान, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गंगाराम पाराशर, श्रीनाथ शर्मा एडवोकेट, पूर्व नेता प्रतिपक्ष इंद्रजीत भारद्वाज, इंदुशेखर शर्मा, विपुल शर्मा, पवित्र मोहन मुद्गल, सुभाष चंद्र बोस, दयाचंद पचोरी, मनोज पाराशर, डॉ सुशील पाराशर, नगर निगम सचिव रविंद्र कुमार, देवाशीष भारद्वाज, अनिल भारद्वाज अन्नू शांडिल्य आदि गोवर्धन निर्माण में भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *