भारत जोड़ो यात्रा : पंद्रह दिन प्रदेश के पांच जिलों की नब्ज टटोलेंगे राहुल गांधी

भारत जोड़ो यात्रा : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के जरिए राजस्थान के पांच जिलों में सियासी नब्ज टटोलेंगे। राहुल की यह यात्रा…

rahul..... | Sach Bedhadak

भारत जोड़ो यात्रा : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के जरिए राजस्थान के पांच जिलों में सियासी नब्ज टटोलेंगे। राहुल की यह यात्रा करीब 15 दिन तक राजस्थान में रहेगी। इस दौरान वे झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर, दौसा और अलवर में आम लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। राहुल की यह यात्रा एक दिन में करीब साढ़े तेईस किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा के इस साल अक्टूबर-नवंबर में राज्य में पहुंचने का कार्यक्रम है। हालांकि अभी यात्रा के मार्ग की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसके अब तक के तय कार्यक्रम के अनुसार यह राजस्थान के पूर्वी हिस्से से गुजरेगी। यह वही इलाका है, जहां राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनाव में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था और पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) भी इसी इलाके में प्रस्तावित है।

राजस्थान में तय होगा पांच सौ किलोमीटर का सफर

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पार्टी कि यह यात्रा पूरे देश में एक संदेश देगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3750 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और देश के 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। राजस्थान में यह यात्रा अगले साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगभग 500 किमी की दूरी तय करेगी और इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जीती थी 43 सीटें

उल्लेखनीय है कि इस यात्रा के रास्ते में आने वाले राज्य के कुछ हिस्सों में राहुल गांधी ने 2018 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान रोड शो किया था। उस समय उन्होंने झालावाड़ से कोटा और धौलपुर के मनिया से दौसा के महुवा तक बड़े रोड शो किए थे। कोटा और दौसा उनकी आगामी यात्रा में भी आएंगे। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पूर्वी राजस्थान की 46 में से 43 सीटों पर जीत हासिल की थी।

प्रदेश के नेता भी रहेंगे साथ, उठाएंगे ईआरसीपी का मुद्दा

पार्टी नेताओं ने कहा कि इस दौरान राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा और अन्य नेता जनसभा को संबोधित करेंगे। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) से लाभान्वित होने वाले जिलों को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल किया जा रहा है। यात्रा के दौरान होने वाली बैठकों में स्थानीय कांग्रेस नेता ईआरसीपी का मुद्दा उठाएंगे। ईआरसीपी राजस्थान की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जो राज्य के 13 जिलों में सिंचाई और पेयजल उपलब्ध कराएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *