कांग्रेस सरकार की आंखों पर चढ़ा है हरा चश्मा, उसे जनता की तकलीफें दिखाई नहीं देंगी- देवनानी

पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जनता की कोई भी पीड़ा और…

ezgif 5 c8dfa717a0 | Sach Bedhadak

पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जनता की कोई भी पीड़ा और समस्या दिखाई नहीं देती है। कांग्रेस सरकार अपनी आंखों पर हरा चश्मा चढ़ाए हुए है, इसलिए उसे सब जगह हरा-हरा ही दिखाई देता है। यदि सरकार चश्मा हटाकर देखेगी, तो जनता की तकलीफें दिखाई और सुनाई देंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी जनता के साथ रही है और आगे भी रहेगी। जन आक्रोश यात्रा के दौरान हर वार्ड में जाकर सीधी बातचीत की, तो जनता की अथाह पीड़ाएं और समस्याएं सामने आईं। जनता कांग्रेस सरकार की नाकामी से जबरदस्त आक्रोश में है और उसे उखाड़ फेंकने के लिए चुनाव होने का इंतजार कर रही है।

देवनानी ने आज अपने निवास पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कांग्रेस सरकार का चार साल का कार्यकाल नाकामियों और विफलताओं से भरा हुआ है। इसके बावजूद सरकार बेशर्मी से जश्न मनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि जन आक्रोश यात्रा के दौरान जनता से मिली शिकायतों के आधार पर वे संबंधित विभागों के अधिकारियों को पत्र लिखेंगे और उनसे मिलेंगे। वे जनसमस्याओं का समाधान कराने का भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के साथ रही है और आगे भी साथ ही रहेगी। कोरोनाकाल के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता ही जनता की सेवा करने में जुटे हुए थे। उनके हर दुख-दर्द में भागीदार बने थे, जबकि कांग्रेस के नेता घरों में बैठे हुए थे।

पानी की समस्या से पूरा शहर दुखी

देवनानी ने कहा कि बीसलपुर बांध लबालब भरा होने के बाद भी अजमेर की जनता पानी के लिए तरस रही है। भाजपा शासनकाल में 36 से 48 घंटे में नियमित रूप से पानी सप्लाई होता था। जनता ने पानी को लेकर तीन तरह की समस्याएं बताई। पहली, नियमित रूप से पानी सप्लाई नहीं होता है। पानी सप्लाई का कोई समय तय नहीं है। दूसरी, कई क्षेत्रों में गंदा पानी सप्लाई होता है। जलदाय अफसरों को अवगत कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। तीसरी, कम प्रेशर से पानी आता है, जिससे जरूरत लायक पानी भी नहीं मिल पाता है। जबकि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को नियमित रूप से और पूरे प्रेशर के साथ पानी सप्लाई करने का वादा किया था।

चार साल में नौ बार बढ़ाई बिजली की दरें

देवनानी ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में बिजली की दरें नहीं बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन चार साल में अब तक नौ बार बिजली की दरें बढ़ाई जा चुकी हैं। बिजली महंगी करने के कारण आम जनता की आर्थिक रूप से जनता की कमर तोड़ दी है। देवनानी ने कहा कि प्रदेश में महंगाई के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। वैट नहीं घटाने के कारण हमारे प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पूरे देश के मुकाबले सबसे ज्यादा महंगा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की हठधर्मिता के कारण ही पेट्रोल-डीजल सस्ता नहीं हो पा रहा है।

कांग्रेस सरकार हिंदू विरोधी

देवनानी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार हिंदू विरोधी सरकार है। यह पूरी तरह तुष्टिकरण की नीति पर चलती है। मंदिरों को जानबूझकर तोड़ा जाता है, हिंदुओं के पर्वों पर शोभायात्राएं और जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगाया जाता है, जबकि पीएफआई को रैली निकालने की अनुमति दी जाती है। दबंगों और गुंडों द्वारा मंदिरों के पुजारियों की या तो हत्याएं कर दी जाती हैं या फिर उन्हें आत्महत्याएं व आत्मदाह करने के लिए मजबूर किया जाता है। पुलिस ऐसे खुलेआम घूमने वाले अपराधियों तक पहुंच नहीं पाती है, क्योंकि उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होता है।

राहुल की यात्रा के लिए करोड़ों रूपए की बर्बादी

देवनानी ने कहा है कि एक तरफ तो बजट और धन के अभाव में जनता मूलभूत सुविधाओं और विकास के लिए तरस रही है। दूसरी ओर प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने आका राहुल गांधी को खुश करने के लिए उनकी यात्रा पर पांच सौ करोड़ रूपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा केवल खुद को स्टेबलिस करने के लिए है। देवनानी ने कहा कि भाजपा शासनकाल में स्कूली बच्चों को सप्ताह में छह दिन दूध पिलाया जाता था। जब कांग्रेस सत्ता में आई, तो उसने सबसे पहले बच्चों के मुंह से दूध छीनने का काम किया। अब चूंकि विधानसभा चुनाव होने में एक साल बाकी है, इसलिए कांग्रेस सरकार को बच्चों को दूध पिलाने की अब चिंता सताई है। वह सप्ताह में केवल दो दिन स्कूली बच्चों को दूध पिला रही है। बाकी चार दिन का दूध खुद सरकार गटक रही है।

पहले दिन गद्दार बताया, दूसरे दिन हाथ मिला लिए

देवनानी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी ही पार्टी के सगे नहीं हुए तो जनता के भी सगे नहीं हो सकते। जो गहलोत निजी स्वार्थों और कुर्सी से चिपके रहने के लिए अपनी ही पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष व पूर्व उप मुख्यमंत्री को गद्दार तक बताने से नहीं चूके। जब उन्हें दिल्ली से डांट पड़ी तो, अगले दिन उसी नेता से हाथ मिला लिया, जिसे एक दिन पहले गद्दार बताया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत का एकमात्र मकसद अपने आका राहुल गांधी को खुश कर कुर्सी पर बने रहना है।

उत्तर क्षेत्र में जन आक्रोश यात्रा का ब्यौरा दिया

देवनानी ने 4 से 16 दिसंबर तक अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में निकाली गई जन आक्रोश यात्रा का ब्यौरा भी दिया। उन्होंने बताया कि जन आक्रोश यात्रा ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अधीन चार मंडलों के 37 वार्डों और 7 ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर हजारों नागरिकों से संपर्क साधा। करीब 150 किमी. यात्रा चली, जिसमें 87 स्थानों पर चैपालें लगाई गईं और सभाएं की गईं। ढाई सौ स्थानों पर यात्रा का स्वागत हुआ। कांग्रेस सरकार के खिलाफ तैयार करीब 15 हजार ब्लैक पेपर जनता को बांटे गए। करीब साढ़े तीन सौ नागरिकों ने कांग्रेस सरकार से जुड़ी समस्याएं निर्धारित प्रपत्र में लिखकर शिकायत पेटिका में डालीं। नागरिकों को कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ भाजपा द्वारा तय किए गए मोबाइल नंबर पर 15 हजार मिस्ड काॅल कराए। उन्होंने बताया कि यात्रा का व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और विकास समितियों ने शानदार स्वागत किया। कुछ स्थानों पर काले गुब्बारे छोड़कर और पुतले जलाकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

(रिपोर्ट- नवीन वैष्णव)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *