Rajasthan Election 2023: राजस्थान के ‘योगी’ ने वसुन्धरा राजे को बताया भावी मुख्यमंत्री

तिजारा से भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद महंत बालकनाथ ने वसुंधरा राजे को भावी मुख्यमंत्री बताया है। दरअसल, सोमवार को बहरोड़ में बीजेपी प्रत्याशी डॉ.जसवंत यादव की नामांकन सभा आयोजित की गई थी। यहां पर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे थी।

sb 2 2023 11 08T183450.296 | Sach Bedhadak

Rajasthan Election 2023: तिजारा से भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद महंत बालकनाथ ने वसुंधरा राजे को भावी मुख्यमंत्री बताया है। दरअसल, सोमवार को बहरोड़ में बीजेपी प्रत्याशी डॉ.जसवंत यादव की नामांकन सभा आयोजित की गई थी। यहां पर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे थी। इस दौरान बीजेपी प्रत्याशी ने बहरोड़ विधायक और कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा।

राजे को बताया भावी मुख्यमंत्री

महंत बालकनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत में राजे को राजस्थान की भूतपूर्व और भावी मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा, मैं अपना संकल्प दोहराने आया हूं कि बहरोड़ की जनता ऐसे अधर्मी को, जो अधर्म फैला रहा है, ऐसी पटखनी देनी है कि उनकी आने वाली पीढ़ियां सरपंच का चुनाव लड़ने से डरेगी। यहां के निर्दलीय विधायक और राष्ट्रीय जनता सेना के प्रत्याशी बलजीत यादव ने हमारी नई पीढ़ी को बर्बाद करने का काम किया है।

बालकनाथ को लेकर क्या बोली राजे

इससे पहले राजे ने जनसभा को भी संबोधित किया। सांसद बालक नाथ के आगमन पर उन्होंने कहा कि हमारे संत-महात्मा हमारा समर्थन करते हैं। देखिये हमारा और आपका भाग्य कितना अच्छा है कि आप सांसद भी रहे और आगे विधायक भी बनेंगे और क्या पता हम कहां पहुंचेंगे।

बलजीत यादव पर राजे का निशाना

वसुंधरा राजे ने कहा कि आपके यहां बड़े नेताजी हैं। नेताजी ने पहले स्कूलों में खेल की सामग्री खरीद करने के लिए राशि आवंटित की, तब सब खुश हुए। उसके बाद नौकर के नाम फर्म बनाई और सरकारी स्कूलों को ढाई गुना में सामान खरीद सबको बेचकर खा गए। यह तो बस एक उदाहरण है, ऐसे तो पता नहीं कितने हुए हैं। उल्लेखनीय है कि बलजीत यादव पर खेल सामग्री खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।