Republic Day : कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति….ऐसा रहेगा मिनट टू मिनट शेड्यूल, जानें-इस बार परेड क्यों खास?

देश में 26 जनवरी यानी आज 75वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं।

Republic Day Parade

Republic Day : नई दिल्ली। देश में 26 जनवरी यानी आज 75वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। इस मौके पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर सुबह 10.30 बजे से परेड शुरू होगी, जो करीब 90 मिनट तक चलेगी। लेकिन, इस बार होने वाली परेड कई मायने में खास होने जा रही है।

आईये जानते है इस बार परेड में पहली बार क्या-क्या होगा?

-परेड में पहली बार भारत की नारी शक्ति कर्तव्य पथ पर छाई रहेगी। यानी परेड में कुल 80 फीसदी महिलाएं होंगी।
-गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उनके फ्रांसीसी समकक्ष मैक्रों पारंपरिक बग्गी में पहुंचेंगे। यह प्रथा 40 साल बाद फिर से शुरू हो रही है।
-पहली बार तीनों सेनाओं का महिला दस्ता परेड में शामिल होगा।
-पहली बार स्वदेश निर्मित तेजस विमान चार विमानों के समूह में उड़ान भरेगा।
-फ्रांस का मार्चिंग दस्ता भी परेड का हिस्सा है और फ्रांसीसी फाइटर जेट राफेल भी उड़ान भरेंगे।
-परेड में पहली बार भारतीय सेना का एमआरएसएएम (मिडियम रेंज सर्फेस टू एयर मिसाइल सिस्टम) दिखेगा। इसे भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट सुमेधा तिवारी लीड करेंगी।
-भारतीय सेना की आर्टिलरी महिला ऑफिसर भी पहली बार परेड में शिरकत करेंगी।

ये रहेगा परेड का मिनट टू मिनट शेड्यूल

सुबह 10.03 बजे पीएम मोदी कर्तव्य पथ से गुजरेंगे और 10.05 बजे राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचेंगे, जहां पर वो शहीद हुए नायकों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। फिर 10.21 बजे पीएम मोदी कर्तव्य पथ पर पहुंचेंगे। सुबह 10.25 उप राष्ट्रपति का आगमन होगा। 10.26 राष्ट्रपति के अंगरक्षक का आएंगे और सुबह 10.27 बजे राष्ट्रपति के साथ मुख्य अतिथि का आगमन होगा। 10.29 बजे 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। 10.30 तिरंगा फहराया जाएगा और राष्ट्रगान होगा।

इस दौरान चार हेलीकॉप्टरों से पुष्प वर्षा होगी। सुबह 10.32 बजे शंखनाद और ढोल-नगाड़ा के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। सुबह 10.34 बजे परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार परेड शुरू करेंगे, उनके पीछे सेना के दस्ते होंगे। सुबह 10.35 परेड उप कमांडर मेजर जनरल सुमित मेहता, 10.36 बजे परमवीर च्रक विजेता, 10.37 अशोक च्रक विजेता और 10.38 फ्रांस की सेना का मार्चिंग दस्ता व फ्रांस की सेना का संयुक्त बैंड परेड करेगा।

सेना के दस्ते

सुबह 10.40 बजे 61 कैवलरी रेजिमेंट, 10.41 बजे टी 90 टैंक, 10.42 बजे नाग मिसाइल सिस्टम, 10.43 बजे आईसीवीबीएमपी 2 सारथ, 10.44 बजे आल टेरेन व्हीकल, 10.45 बजे लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल, 10.46 बजे क्यूआरएमवी मीडियम, 10.47 बजे पिनाका मल्टीपल रॉकेट सिस्टम, 10.48 बजे वेपन लोकेटिंग रडार, 10.49 बजे ड्रोन जैमर सिस्टम (पहली बार), 10.50 बजे एडवांस रेडियो फ्रीक्वेंसी मॉनीटरिंग सिस्टम, 10.51 बजे सर्वत्र ब्रिज प्रणाली, 10.52 बजे लांचर एमआरएसएएम व 10.53 बजे मल्टी फंक्शन रडार परेड करेंगे।

मार्चिंग दस्ते

सुबह 10.54 बजे मद्रास रेजिमेंट, 10.55 बजे ग्रेनेडियर्स, 10.56 बजे राजपूताना राइफल्स, 10.57 बजे तीनो सेनाओं का महिलाओं का मार्चिंग दस्ता, 10.58 बजे सिख रेजिमेंट, 10.59 बजे कुमाऊं और नागा रेजिमेंट, 11.00 बजे बॉम्बे इंजीनियर ग्रुप, 11.01 बजे सेना का चिकित्सा सेवाओं का महिला दस्ता, 11.02 बजे भारतीय नौसेना, 11.03 बजे वेटरन, 11.04 बजे भारतीय वायुसेना, 11.05 बजे डीआरडीओ, 11.07 बजे कोस्टगार्ड, 11.08 बजे बीएसएफ का महिला दस्ता, 11.09 बजे सीआईएसफ का महिला दस्ता, 11.10 बजे सीआरपीएफ का महिला दस्ता, 11.11 बजे आईटीबीपी का महिला दस्ता, 11.12 बजे एसएसबी का महिला दस्ता, 11.13 बजे दिल्ली पुलिस का महिला दस्ता, 11.14 बजे बीएसएफ का ऊंट दस्ता व बीएसएफ का ऊंट बैंड, 11.16 बजे एनसीसी का दस्ता, 11.17 बजे एनएसएस, 11.18 बजे मिक्स्ड बैंड व 11.20 बजे प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार के चयनित बच्चे परेड में शामिल होंगे।

झांकियां

इसके बाद सुबह 11.21 बजे अरुणाचल प्रदेश, 11.22 बजे हरियाणा, 11.23 बजे मणिपुर, 11.23 बजे मध्यप्रदेश, 11.24 बजे ओडिशा, 11.25 बजे छत्तीसगढ़, 11.26 बजे राजस्थान, 11.27 बजे महाराष्ट्र, 11.28 बजे आंध्रप्रदेश, 11.29 बजे लद्दाख, 11.30 बजे तमिलनाडु, 11.31 बजे गुजरात, 11.32 बजे मेघालय, 11.33 बजे झारखंड, 11.34 बजे उत्तरप्रदेश-अयोध्या, 11.35 बजे तेलंगाना, 11.36 बजे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान परिषद, 11.37 बजे सीएसआईआर, 11.38 बजे इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, 11.39 बजे पतन, पोत परिवहन और जलयान मंत्रालय, 11.40 बजे गृह मंत्रालय, 11.41 बजे विदेश मंत्रालय- जी 20 की सफलता, 11.42 बजे भारतीय चुनाव आयोग, 11.43 बजे सीपीडब्लूडी, 11.44 बजे संस्कृति मंत्रालय, 11.45 बजे वंदे भारतम- 1500 कलाकारों द्वारा नृत्य व दोपहर 12 बजे अर्द्ध सैनिक बलों की महिलाओं का मोटर साईकल पर प्रदर्शन होगा।

वायुसेना का फ्लाई पास्ट

इसके अलावा वायुसेना के बेड़े में 29 लड़ाकू विमान, सात परिवहन विमान, नौ हेलीकॉप्टर और एक हेरिटेज विमान शामिल होंगे। पहली बार स्वदेश निर्मित तेजस विमान चार विमानों के समूह में उड़ान भरेगा। जानकारी के मुताबिक मिग 29, अपाचे, प्रचंड, डकोटा, रफाल, आईएल 38, सुखोई 30, तेजस, 6 जगुआर अमृत फार्मेशन, 3 सुखोई त्रिशूल व 1 रफाल वर्टिकल चार्ली फार्मेशन आसमान में करतब दिखाएंगे।