Karnataka Assembly Elections : 2614 उम्मीदवारों का भाग्य EVM में बंद, 13 को आएगा परिणाम

इलेक्शन कमीशन के मुताबिक इस बार चुनाव में 69.09% वोट पड़े हैं, हालांकि वोटिंग परसेंट के आंकड़े आज अपडेट होंगे।

Karnataka Assembly Elections | Sach Bedhadak

Karnataka Assembly Elections : बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की वोटिंग बुधवार शाम 6 बजे खत्म हो गई। इलेक्शन कमीशन के मुताबिक इस बार चुनाव में 69.09% वोट पड़े हैं, हालांकि वोटिंग परसेंट के आंकड़े आज अपडेट होंगे। वहीं वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में 72% वोटिंग हुई थी। कर्नाटक में पहली बार 94,000 से अधिक सीनियर सिटीजन्स और दिव्यांगजनों ने घर से वोट डाला। कर्नाटक की 224 सीटों पर 2614 उम्मीदवार मैदान में हैं। वोटिंग के दौरान तीन जगह हिंसा हुई। पुलिस ने बताया कि विजयपुरा के बासवाना बागेवाड़ी तालुक में लोगों ने कुछ ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को तोड़ डाला।

पोलिंग अफसरों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। यहां अफवाह उड़ी थी कि अधिकारी मशीनें बदलकर वोटिंग में गड़बड़ी कर रहे थे। दूसरी घटना पद्मनाभ विधानसभा के पपैया गार्डन पोलिंग बूथ पर हुई, जहां कुछ युवाओं ने लाठियां लेकर विरोधियों पर हमला किया। हमले में वोट डालने आईं कुछ महिलाएं भी घायल हो गईं। तीसरी घटना बेल्लारी के संजीवारायानाकोटे में हुई, जहां कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई।

चुनाव अधिकारी से मारपीट, 23 पकड़े 

चुनाव आयोग ने कहा कि विजयपुरा जिले के मसाबिनाला के ग्रामीणों ने बुधवार को ईवीएम ले जा रहे एक चुनाव ड्यूटी वाहन को रोक दिया। ग्रामीणों ने एक अधिकारी के साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक लोस और 4 विस सीटों पर उप चुनाव एक लोकसभा और 4 विधानसभा सीटों के उप चुनाव के लिए भी मतदान हुआ। जालंधर लोकसभा सीट पर 54% वोट पड़े। विधानसभा सीटों में मेघालय की सोहियोंग पर 91.39% , यूपी की स्वार पर 44.95% व छानबे पर 39.51% और ओडिशा की झारसुगड़ा सीट पर 68.12% वोटिंग हुई। 

क्या कहते हे नेता 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लोग इस सरकार को बदलना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि भ्रष्टाचार को दूर करने वाली और विकास करने वाली सरकार आए इसलिए लोग चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी आए। कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ 130-135 सीटें जीतेगी।वहीं, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता प्रह्लाद जोशी का कहना है कि हर जगह शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो रहा है। मुझे खुशी है कि लोग लोकतंत्र के इस त्योहार को बड़े पैमाने पर मना रहे हैं. लोग भाजपा की डबल इंजन सरकार लाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *