RTI के जवाब में रेलवे ने दी जानकारी, वरिष्ठ नागरिकों की रियायत स्थगित कर रेलवे ने कमाए 2,242 करोड़

नई दिल्ली। रेलवे ने 2022-23 में वरिष्ठ नागरिकों को किराए में दी जाने वाली रियायत को रद्द कर उनसे लगभग 2,242 करोड़ रुपए का अतिरिक्त…

Indian railway, indian train, firecrackers in train, Indian railway act,

नई दिल्ली। रेलवे ने 2022-23 में वरिष्ठ नागरिकों को किराए में दी जाने वाली रियायत को रद्द कर उनसे लगभग 2,242 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है। सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत एक आवेदन पर मिली जानकारी में यह बात सामने आई। राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर ने 20 मार्च, 2020 से 31 मार्च, 2022 के बीच 1,500 करोड़ रुपए से अधिक कमाए थे। गौरतलब है कि कोविड महामारी की शुरुआत के बाद बुजुर्ग यात्रियों को दी जाने वाली छूट निलंबित कर दी गई थी। 

मध्य प्रदेश के चंद्रशेखर गौर द्वारा आरटीआई अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में रेलवे ने कहा कि एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच उसने लगभग आठ करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को छूट नहीं दी। इन वरिष्ठ नागरिकों में 4.6 करोड़ पुरुष, 3.3 करोड़ महिलाएं और 18,000 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। आरटीआई के जवाब के मुताबिक इस अवधि के दौरान वरिष्ठ यात्रियों से कुल राजस्व 5,062 करोड़ रुपए रहा, जिसमें रियायत के निलंबन के कारण अर्जित अतिरिक्त 2,242 करोड़ रुपए शामिल हैं। वरिष्ठ नागरिकों के किराए से रेलवे को होने वाली कमाई में लगातार बढ़ोतरी हुई है। 20 मार्च 2020 से 31 मार्च 2022 के बीच रेलवे ने 7.31 करोड़ वरिष्ठ यात्रियों को रियायत नहीं दी। 

इनमें 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के 4.46 करोड़ पुरुष यात्री, 58 से अधिक उम्र की 2.84 करोड़ महिला यात्री और 8,310 ट्रांसजेंडर शामिल थे। वरिष्ठ नागरिक यात्रियों से मिला कुल राजस्व 2020-22 के दौरान 3,464 करोड़ रुपए था, जो उन्हें रियायत की पेशकश पर होने वाली आय के मुकाबले 1,500 करोड़ अधिक है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान, रेलवे ने पुरुष वरिष्ठ नागरिक यात्रियों से 2,891 करोड़ रुपए, महिला यात्रियों से 2,169 करोड़ रुपए और ट्रांसजेंडरों से 1.03 करोड़ रुपये कमाए।

महिला वरिष्ठ नागरिक 50 प्रतिशत रियायत के लिए थीं पात्र 

महिला वरिष्ठ नागरिक यात्री 50 प्रतिशत रियायत के लिए पात्र हैं, जबकि पुरुष और ट्रांसजेंडर सभी श्रेणियों में 40 प्रतिशत का लाभ उठा सकते हैं। रियायत का लाभ उठाने के लिए महिला की न्यूनतम आयु सीमा 58 वर्ष है, जबकि पुरुष के लिए यह 60 वर्ष है। देश में कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के बाद मार्च 2020 से वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रियायतें रोक दी गई थीं। उन रियायतों को अब तक बहाल नहीं किया गया है। ट्रेन सेवाएं जहां 2020 में अधिकांश समय और 2021 के कुछ हिस्सों में निलंबित रहीं। वहीं सेवाओं के सामान्य होने के साथ ही रियायतों को बहाल करने की मांग उठने लगी है।

संसद की समिति ने की थी सिफारिश 

कुछ माह पहले संसद की एक समिति ने ट्रेन यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली छूट बहाल करने पर रेल मंत्रालय से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और स्लीपर क्लास और थर्ड एसी क्लास में वरिष्ठ नागरिकों को रियायत दोबारा शुरू करने का आग्रह किया था। सांसद राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता वाली संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट में यह बात कही गई। अभी रियायत बहाल नहीं की है।

(Also Read- तलाक के लिए अब 6 महीने का नहीं करना पड़ेगा इंतजार, सुप्रीम कोर्ट ने दिया एक झटके में ही शादी तोड़ने का फैसला)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *