Flood Updates : देश के कई राज्यों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात, गुजरात में अब तक 61 की मौत

देश के 3 राज्य महाराष्ट्र, गुजरात और असम में भारी बारिश का कहर बरपा हुआ है। तो दूसरे राज्य भी इसकी चपेट में हैं। असम…

rain update

देश के 3 राज्य महाराष्ट्र, गुजरात और असम में भारी बारिश का कहर बरपा हुआ है। तो दूसरे राज्य भी इसकी चपेट में हैं। असम में तो कई जिले एक महीने से बाढ़ प्रभावित हैं। वहीं अब गुजरात और महाराष्ट्र में हालात भयावह हो गए हैं। गुजरात में बाढ़ के चलते अब तक 61 लोगों की मौत हो गई है। वहीं अकेले असम में भी अब तक करीब 200 लोगों की मृत्यु हो गई है। इसके अलावा तेलंगाना, कर्नाटक और राजस्थान में भी कई इलाके लगभग बाढ़ जैसी स्थिति में हैं। इन सभी जगह NDRF, SDRF लगातार राहत और बचाव कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री ने गुजरात के CM से फोन पर की बात, हालातों की ली जानकारी

गुजरात में इस समय भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए, यहां के दक्षिणी हिस्से में बसे कई जिले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हो चुके हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक यहां अब तक 61 लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बातचीत की। उन्होंने राज्य में हो रही भारी बारिश से उपजे हालातों की जानकारी ली। इन सबके बीच अहमदाबाद में स्कूल-कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। यहां के अंडरपास पूरी तरह से पानी में डूबे हुए हैं, तो कहीं वाहन बुरी तरह पानी में फंसे हुए हैं। तो वहीं वलसाड, नवसारी, डांग, तापी, सूरत, भरूच, नर्मदा, छोटा उदयपुर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।  

मौसम विभाग ने अगले दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट किया जारी

गुजरात में भारी बारिश से मची तबाही के बीच मौसम विभाग ने अगले दिनों के लिए भी अलर्ट जारी कर दिया है। इसलिए शासन-प्रशासन पहले ही हालातों से निपटने की पूरी तैयारी कर रहा है। बता दें कि गुजरात के नवसारी जिले में कावेरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार हो गया है, जिससे कई क्षेत्रों में पानी भरना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग ने गुजरात के अलावा कोंकण गोवा, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र, कर्नाटक, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ और मध्य प्रदेश के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।  वहीं नासिक में बारिश से आई बाढ़ में कई प्रसिद्ध मंदिर भी डूब गए हैं।

महाराष्ट्र में बाढ़ से हालात हुए खराब

महाराष्ट्र के गढ़चिड़ौली में बारिश से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। यहां के हिंगौली जिले में लगातार 3-4 दिनों से बारिश हो रही है। जिससे यहां का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां पिछले 4-5 दिनों से स्कूल-कॉलेज बंद हैं। तो कई जगह भूस्खलन की घटनाएं भी हो रही हैं। इन सबके बीच बाढ़ के हालातों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गढ़चिरौली रवाना हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *