झुंझुनूं में गैस जलाते ही सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट, धमाके से मकान की छत गिरी…मासूम बच्ची की मौत

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अलसुबह एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट होने के…

New Project 2024 01 05T164604.528 | Sach Bedhadak

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अलसुबह एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट होने के कारण मकान की छत भरभरा कर सोये हुए परिवार पर गिर पड़ी। मकान का मलबा गिरने से मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं उसके माता-पिता और बहन घायल हो गए।

बच्ची की मां दूध गर्म करने के लिए उठी थी, उसी दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। यह घटना झुंझुनूं जिले के सुलताना कस्बे के वार्ड 23 की है। हादसे की सूचना मिलते ही सुलताना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले सुलताना हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके बाद झुंझुनूं रेफर कर दिया गया।

ब्लास्ट के बाद मचा कोहराम…

सुलताना थानाधिाकरी कैलाश चंद्र ने बताया वार्ड 23 में व्यापारी रमजान खान का मकान है। मकान एक मंजिला है और उसमें 5-6 कमरे हैं। उसके भाई का परिवार भी इसी मकान में रहता है। रमजान का भतीजा आरिफ खान (30), उसकी पत्नी नसीम (28), बेटी आतिमा (3) और छोटी बेटी फातिमा (1) अपने कमरे में सो रहे थे। दूसरे कमरे में परिवार के दूसरे 6 सदस्य सोये हुए थे। कमरे में सो रही दो मासूम बच्चियां आलिया (3) और सना (5) भी मामूली घायल हो गईं।

शुक्रवार सुबह 5.30 बजे नसीम अपनी एक साल की बेटी फातिमा के लिए दूध गर्म करने के लिए उठी। वहीं कमरे में ही गैस सिलेंडर रखा हुआ था। नसीम को उठने के बाद लगा कि गैस लीक हो रही है। यह चेक करने के लिए वह सिलेंडर के पास गई। नसीम ने दूध गर्म करने के लिए जैसे ही गैस चालू किया इतने में सिलेंड ब्लास्ट हो गया।

ब्लास्ट से नसीम का हाथ-चेहरा जला…

सिलेंडर ब्लास्ट होने से नसीम का हाथ और चेहरा जल गया। वहीं धमाके बाद छत की पटि्टयां टूट-टूटकर कमरे में आकर गिरने लगी। बेटी फातिमा पर पटि्टयां आकर गिरीं। दूसरी बेटी और पति भी घायल हो गए। पड़ोसियों के मकानों में भी दरारें आ गईं।

वहीं दूसरे कमरे में सो रही आरिफ की चाची हसीना ने बताया- वह दूसरे कमरे में सो रही थी। उसके दो बेटे और तीन बेटियां भी वहीं सो रहे थे। अचानक तेज धमाका हुआ और कुछ गिरने की आवाज आई। सब चीखते चिल्लाते उठे और घर में कोहराम मच गया। पता चला कि आरिफ के कमरे की छत गिर गई है। पड़ोसी भी इकट्‌ठे हो गए। मकान का मलबा हटाकर आरिफ, फातिमा, आतिमा और नसीम को निकाला और सुलताना हॉस्पिटल ले गए। सना और आलिया को भी हॉस्पिटल ले गए। सना को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्‌टी दे दी गई। बाकी घायलों को झुंझुनूं के बीडीके हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित किया…

बीडीके हॉस्पिटल में सुल्ताना हॉस्पिटल में ही बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। झुलसने और चोट लगने से नसीम की हालत गंभीर है। आरिफ और आतिमा का भी इलाज चल रहा है।