भीलवाड़ा में बजरी माफियायों ने भाजपा नेता को गोली मारी, पूर्व राजस्व मंत्री पर लगाए आरोप

भीलवाड़ा। राजस्थान में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद है। बजरी माफियाओं ने भाजपा नेता पर फायरिंग कर दी। बाइक पर आए 2 बदमाशों ने भाजपा…

New Project 2024 02 03T191111.064 | Sach Bedhadak

भीलवाड़ा। राजस्थान में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद है। बजरी माफियाओं ने भाजपा नेता पर फायरिंग कर दी। बाइक पर आए 2 बदमाशों ने भाजपा नेता राजू दरोगा पर 10 मीटर दूर से गोली चला दी। गोली सीधे नाक और आंख के बीच में लगी और सर्वाइकल स्पाइन में जाकर फंस गई। जिस समय ये घटना हुई उस वक्त भाजपा नेता राजू दरोगा खेत में काम कर रहे थे।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे और राजू को भीलवाड़ा अस्पताल ले गए। जहां से उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। यह घटना मंडल थाना क्षेत्र के सुरास गांव में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। घटना के बाद मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल जाट पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है।

भीलवाड़ा एसपी श्याम सिंह ने बताया कि घटना के बाद मुख्य आरोपी आरोपी शंभू ओड को डिटेन कर लिया गया है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। हमले में घायल वार्ड पंच राजू दरोगा ने पूर्व मंत्री रामलाल जाट, राजू जाट, अंकित जाट, महावीर जाट, ईश्वर समेत अन्य लोगों पर जानलेवा हमले और गुंडागर्दी के आरोप भी लगाए। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने से उन पर हमले की प्लानिंग चल रही थी। पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल और उसके आदमी सुरास गांव स्थित चारागाह की भूमि को हड़पना चाहते हैं। इसी को लेकर विवाद चल रहा है।

पूर्व मंत्री पर लगाए आरोप…

राजू दरोगा पर फायरिंग की सूचना मिलते ही मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना भीलवाड़ा अस्पताल पहुंचे। विधायक उदयलाल ने बताया कि राजू दरोगा मांडल में भाजपा से वार्ड पंच है। दोपहर 2 बजे राजू दरोगा जिंदल खनन के पास अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां आए और एक ने उस पर फायरिंग कर दी। अवैध खनन को रोकने के चलते वार्ड पंच राजू दरोगा पर फायरिंग की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों और पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल जाट के बीच मिलीभगत है। इसी के चलते आज दिन-दहाड़े राजू दरोगा पर हमला हुआ है। इससे 10 दिन पहले भी मांडल विधानसभा की हरिपुरा तिराहे पर एक ई-मित्र संचालक को गोली मार दी गई थी। उस घटना में भी अभी तक पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।

उदयपुर किया रेफर…

महात्मा गांधी हॉस्पिटल के PMO अरुण गौड़ ने बताया- गोली उसके नाक और आंख के बीच से होती हुई सर्वाइकल स्पाइन में जाकर फंस गई है। हालांकि, पेशेंट की हालात स्थिर है। लेकिन, न्यूरो सर्जन ही आगे का उपचार कर पाएंगे। इसी के चलते उन्हें उदयपुर रेफर किया है।