अब वागड़ में BJP का BAP से होगा सीधा मुकाबला, नाम वापसी के आखिरी दिन कांग्रेस ने किया खेला!

Lok Sabha Election 2024 : डूंगरपुर-बांसवाड़ा लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने बाप पार्टी को सर्मथन दे दिया है। अब बीजेपी और बाप के बीच मुकाबला होगा।

BJP vs BAP | Sach Bedhadak

Lok Sabha Election 2024 : जयपुर। बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा सीट पर आखिरकार कांग्रेस का भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) के साथ चुनावी समझौता हो गया है। कांग्रेस ने बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट बाप के प्रत्याशी राजकुमार रोत के लिए छोड़ दी है। साथ ही बागीदौरा विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में भी कांग्रेस बाप के प्रत्याशी जयकृष्ण पटेल को समर्थन देगी।

हालांकि लोकसभा व विधानसभा सीट पर पूर्व में कांग्रेस की ओर से घोषित प्रत्याशियों ने मैदान में हटने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस ने अरविंद डामोर को बांसवाड़ा-डूंगरपुर व कपूर सिंह को बागीदौरा विधानसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित किया था। इनमें से डामोर को पार्टी ने सिंबल दे दिया और कपूर सिंह को सिंबल नहीं दिया गया था।

यह खबर भी पढ़ें:-जनसंवाद में उमड़ी भीड़, जनता का भरोसा जीत रहे वैभव को मिलेगा लाल सिंह का समर्थन

सोमवार को कांग्रेस के नेता दोनों से संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन दोनों नहीं मिले और उनके मोबाइल बंद थे। सोमवार शाम को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने डामोर और कपूर सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। इस बीच सोमवार दोपहर जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी, जिसमें डामोर व कपूर सिंह को कांग्रेस का प्रत्याशी बताया गया है।

कांग्रेस ने 25 में से तीन सीट गठबंधन दलों के लिए छोड़ी

डूंगरपुर-बांसवाड़ा और बागीदौरा में समझौता होने के बाद बाप अन्य सीटों पर अपने प्रत्याशियों से कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों को समर्थन लवाएगी। भाजपा ने डूंगरपुर-बांसवाड़ा सीट से प्रदेश के पूर्व मंत्री महेंद्र मालवीय को टिकट दिया है।

कांग्रेस ने प्रदेश की 25 में से तीन सीट गठबंधन में शामिल दलों के लिए छोड़ी है। इनमें नागौर सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल, सीकर माकपा के अमराराम एवं डूंगरपुरबांसवाड़ा सीट बाप के राजकुमार रोत के लिए छोड़ी गई है।

यह खबर भी पढ़ें:-पायलट का भाजपा पर प्रहार, BJP में मंदिर-मस्जिद, हिन्दू-मुस्लिम का टेप रिकॉर्डर ऑन