अब नहीं होगा CWC का चुनाव, स्टीयरिंग कमिटी की बैठक में लिया फैसला, जयराम रमेश ने वजह भी बताई…

छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुक्रवार को कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हुआ। जिसमें देशभर से कांग्रेस नेता शामिल हुए हैं।

steering committee meeting | Sach Bedhadak

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुक्रवार को कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हुआ। जिसमें देशभर से कांग्रेस नेता शामिल हुए हैं। अधिवेशन में शामिल होने के लिए राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी रायपुर पहुंच गए हैं। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में स्टेयरिंग कमेटी की बैठक हुई। जिसमें तय किया गया कि अब CWC का चुनाव नहीं होगा और सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष को सर्व सम्मति से दिया गया है। खास बात ये रही कि 25 साल बाद पहली बार ऐसा हुआ कि गांधी परिवार से कोई भी सदस्य स्टेयरिंग कमेटी की बैठक के दौरान मौजूद नहीं था।

स्टेयरिंग कमेटी की बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि स्टीयरिंग कमिटी की बैठक में चुनाव को रद्द कर दिया गया। उन्होंने बताया कि राजनीति स्थिति को देखते हुए यह फ़ैसला लिया गया है। जयराम रमेश ने कहा कि आज सुबह करीब ढाई घंटे तक स्टेयरिंग कमेटी के सदस्यों के बीच खुलकर बातचीत हुई। जिसमें सर्वसम्मति से स्टीयरिंग कमेटी ने यह तय किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष को CWC के सदस्यों को नॉमिनेट करने का अधिकार दिया जाएं।

खड़गे ने बताया-क्यों खास है ये अधिवेशन?

स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ये अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक में बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब कमजोर तबकों, गांव देहात और नौजवानों को एक साथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। कांग्रेस के हर महाधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैं। जिससे हमारा संगठन आगे बढ़ा। कुछ अधिवेशन मील के पत्थर बने। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा से देश भर में जो ऊर्जा भरी और महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर जिस तरह जागरूकता फैलाई है, उस जोश को हमें बनाए रखना है।

3 दिन इन मुद्दों पर होगा मंथन

3 दिवसीय अधिवेशन में अनेक मुद्दों पर मंथन होगा। कांग्रेस इस महाधिवेशन में 2024 के लोकसभा चुनाव में व्यापक विपक्षी एकजुटता के संदर्भ में अपना रुख स्पष्ट करेगी। पहले दिन राजनीतिक, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होगी। दूसरे दिन कृषि, सामजिक न्याय और युवा एवं शिक्षा मामलों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। कल सुबह 10.30 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे संबोधित करेंगे। इसके बाद सोनिया गांधी अधिवेशन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेगी। अधिवेशन के अंतिम दिन सुबह 10.30 बजे राहुल गांधी अपना संबोधन देंगे।

ये खबर भी पढ़ें: कांग्रेस का महाधिवेशन : भारत जोड़ो यात्रा से राहुल गांधी और प्रदेश की योजनाओं से छाए रहेंगे CM गहलोत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *