Morocco Earthquake : 2,012 लोगों की मौत, 2,059 घायल… 1,404 की हालत गंभीर

मोरक्को में शुक्रवार देर रात आए विनाशकारी भूकंप में अभी तक 2,012 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कम से कम 2,059 लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें से 1,404 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं।

Morocco earthquake | Sach Bedhadak

Morocco Earthquake : मराकेश। मोरक्को में शुक्रवार देर रात आए विनाशकारी भूकंप में अभी तक 2,012 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कम से कम 2,059 लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें से 1,404 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। भूकंप की वजह से ऐतिहासिक मराकेश शहर से लेकर एटलस पर्वत पर स्थित गांवों तक कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई देशों के नेताओं ने मोरक्को को मदद की पेशकश की है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि बचाव कर्मी दूरदराज के प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए मशक्कत कर रहे हैं। घरों में सो रहे लोग भूकंप आने पर बाहर भागने लगे।

सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज में दिख रहा है कि लोग देर रात मराकेश शहर की सड़कों पर हैं और इमारतों के अंदर वापस जाने से डर रहे हैं। एक बयान के मुताबिक, 2,012 लोगों की मौत की पुष्टी हुई है, जबकि 2,059 घायल हुए हैं, जिनमें से 1,404 की हालत गंभीर है।

यह खबर भी पढ़ें:-Morocco Earthquake : 632 की मौत, तस्वीरों में देखें-तबाही का मंजर, 1960 में आए भूकंप के जख्म हुए

12वीं सदी की कुतुबिया मस्जिद क्षतिग्रस्त

मराकेश यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल है। मोरक्को की मीडिया ने बताया कि मराकेश शहर के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से शामिल 12वीं सदी की कुतुबिया मस्जिद को नुकसान पहुंचा है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि क्षति कितनी हुई है। इसकी 69-मीटर (226-फुट) मीनार को ‘मराकेश की छत’ के रूप में जाना जाता है।

रात 11:11 बजे आया पहला झटका

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि शुक्रवार रात 11:11 बजे आए भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 6.8 थी और भूकंप बाद के झटके कई सेकंड तक महसूस किए गए। अमेरिकी एजेंसी ने 19 मिनट बाद भी 4.9 तीव्रता का झटका महसूस किए जाने की सूचना दी। शुक्रवार को आए इस भूकंप का केंद्र मराकेश से लगभग 70 किमी दक्षिण में अल हौज प्रांत के इघिल शहर में था। यूएसजीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से 18 किमी की गहराई में था, जबकि मोरक्को की भूकंप निगरानी एजेंसी के मुताबिक इसका केंद्र आठ किमी गहराई में था।

यह खबर भी पढ़ें:-20 सेकंड तक कांपा मोरक्को…हर तरफ पसरा तबाही का मंजर, 300 से ज्यादा की मौत, कई इमारतें जमींदोज

भारत हर मदद के लिए तैयारः मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरक्को में भूकंप से जान गवाने वाले लोगों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपनो को खोया है। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *