अलवर में थाना इंचार्ज के चैंबर में महिला से मारपीट, सिर के बाल खींचकर उखाड़े, थानाधिकारी खुद बने गवाह

अलवर। राजस्थान के अलवर में पुलिस थाने में दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। शहर के अरावली विहार थानाधिकारी पवन चौबे के चैंबर में…

New Project 2023 09 15T195733.319 | Sach Bedhadak

अलवर। राजस्थान के अलवर में पुलिस थाने में दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। शहर के अरावली विहार थानाधिकारी पवन चौबे के चैंबर में दो पक्षों के बीच गाली-गलौज हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने शिकायतकर्ता महिला से मारपीट कर दी। आरोपियों ने महिला के बाल पकड़कर इतनी जोर से खींचे कि बालों का गुच्छा हाथ में आ गया। यह सब थानाधिकारी के सामने हुआ। घटना 13 सितंबर बुधवार की है।

थानाधिकारी पवन चौबे ने इस मामले में तुरंत एक्शन लिया था और आरोपियों को 151 में बंद कर दिया था। वहीं इस पूरे मामले में एएसपी तेजपाल सिंह ने भी कहा कि पुलिस के सामने यह घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को बंद कर दिया गया था। अलग से मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।

महिला ने कर रखा है दुष्कर्म के प्रयास का केस…

महिला ने पुलिस को बताया कि मेरे साथ रेप की कोशिश और मारपीट की गई थी। इसी मामले में केस भी चल रहा है। मुझसे तलाक व प्रोपर्टी के कागजात पर साइन करवा कर घर से निकाल दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में एफआर लगा दी थी।

इसके बाद मैंने एसपी आनंद शर्मा से मिलकर शिकायत की थी। पुलिस ने उसकी एफआईआर को फिर से खोला गया था। इसी मामलों को लेकर 13 सितबंर को दोनों पक्षों को अरावली विहार थाना में बुलाया गया था। थानाधिकारी पवन चौबे ने आरोपी पक्ष के चार लोगों विनीता राजपूत, अमित योगी, अभिषेक शर्मा और नीलम देवी को भी बुलाया गया था।

थानाधिकारी के सामने महिला से की गाली-गलौज, बाल उखाड़े…

थानाधिकारी पवन चौबे ने बताया कि दोनों पक्ष उनके चैंबर में बैठे हुए थे। इस दौरान अमित, विनीता, अभिषेक और नीलम देवी ने महिला के साथ बदसलूकी करना शुरू कर दिया। महिला पर गंभीर आरोप लगाए। थानाधिकारी के सामने ही अमित योगी और विनीता राजपूत ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने महिला के सिर के बाल पकड़ लिए। महिला के सिर के बाल उखड़कर हाथ में आ गए। इस घटना के बाद महिला ने फिर से एसपी को शिकायत की। यह पूरी घटना थानाधिकारी पवन चौबे के सामने हुई थी। इसलिए थानाधिकारी पवन चौबे खुद इस मामले में गवाह हैं।

थानाधिकारी पवन चौबे ने बताया कि अलवर शहर निवासी एक पीड़ित महिला (28) ने 26 जुलाई को अलवर के ही अमित, विनीता, अभिषेक और नीलम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। महिला ने शिकायत में बताया कि चारों लोगों ने उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की थी। महिला ने आरोप लगाया था कि अमित योगी ने उसके साथ अश्लील हरकत कर वीडियो बनाए थे, इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करने की धमकी दी थी।

इस मामले में पुलिस ने एफआर लगा दी थी। एसपी से शिकायत के बाद केस की दोबारा जांच के लिए अरावली विहार थाना पुलिस ने 13 सितंबर बुधवार को पूछताछ के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया था।