Sukhdev Singh Gogamedi Murder : बदमाशों ने 20 सेकंड में की 2 लोगों की हत्या, जानिए हत्याकांड का मिनट-टू मिनट पूरा घटनाक्रम

Sukhdev Singh Gogamedi Murder : राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या…

Sukhdev Singh Gogamedi Murder Cctv Footage | Sach Bedhadak

Sukhdev Singh Gogamedi Murder : राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार को दिनदहाड़े 3 बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मानसरोवर स्थित मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में उनको गोगामेड़ी के घर ले जाने वाले युवक की भी मौत हो गई। गैंगस्टर रोहित गोदारा ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की। बदमाशों ने 20 सेकंड में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी।

हत्या की वारदात सीसीटीवी में कैद….

पुलिस के अनुसार, जयपुर के श्याम नगर जनपथ स्थित सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का घर है। मंगलवार दोपहर करीब 1:03 बजे उनके घर 3 बदमाश पहुंचे। इसके बाद उन्होंने बताया कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से मिलना है। फिर वो अंदर आए और सोफा पर बैठ गए। पहले तो वे सोफा पर बैठकर गोगामेड़ी से बात करने लगे। फिर करीब 10 मिनट बाद ही दोनों बदमाश उठे और फायरिंग कर दी। बदमाशों ने एक बजकर 21 मिनट फायरिंग करना शुरू कर दिया। करीब 20 सेकंड में पूरी घटना को अंजाम दिया। फायरिंग के दौरान गोगामेड़ी के गार्ड ने बचाने की कोशिश की।

बदमाशों ने उस पर भी फायरिंग की। बदमाशों की ओर से कुल 17 राउंड फायरिंग हुई जिसमें 4 गोलियां सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को लगी। घायलावस्था में मानसरोवर स्थित मेट्रो मास अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले के दौरान सुरक्षा गार्ड की भी गोली लगने से मौत हो गई। हमलावरों के साथ आए नवीन सिंह शेखावत को भी गोली मार मौत के घाट उतार दिया।

जो तीन व्यक्ति सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के दफ्तर में आये थे उनमें से एक शाहपुरा निवासी नवीन सिंह शेखावत था। दो हमलावरों ने जब गोगामेड़ी पर फायरिंग की तब उनके साथ आने वाले नवीन सिंह शेखावत रोकने का प्रयास करता है। इस दौरान दोनों हमलावर नवीन पर भी फायर करते हैं। जिस नवीन सिंह शेखावत के साथ दोनों हमलावर आए थे, उन्हीं हमलावरों ने नवीन सिंह पर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि नवीन सिंह शेखावत सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का परिचित था। उसी के साथ हमलावर आये थे।

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भागने के दौरान दोनों हमलावरों ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति को गोली मारकर स्कूटी छीन ली और स्कूटी लेकर फरार हो गए। दोनों हमलावर काले रंग की स्कॉर्पियो में आए थे। स्कॉर्पियो नवीन सिंह शेखावत चलाकर लाया था। नवीन सिंह की मौत के बाद दोनों हमलावर स्कूटी से भाग छूटे।

बदमाशों को घर में लेकर घुसा था नवीन…

जिस नवीन की बदमाशों की गोली लगने से मौत हुई है, वह ही बदमाशों को गोगामेड़ी के घर लेकर पहुंचा था। जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ के अनुसार मरने वाला नवीन सिंह शक्तावत मुलताई शाहपुरा का रहने वाला था। नवीन जयपुर में कपड़े का व्यापार करता था। पुलिस के पास सभी आरोपियों और घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज है। मौके से भागने वाले दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली हत्या की जिम्मेदारी…

इधर, घटना के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से बने फेसबुक पेज पर हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में लिखा- राम राम, सभी भाइयों को मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बरार। भाइयों आज यह जो सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या हुई है। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है। भाइयों मैं अपको बताना चाहता हूं कि ये हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था। उनको मजबूत करने का काम करता था। रही बात दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें। जल्दी उनसे भी मुलाकात होगी।

जानिए-कौन थे सुखदेव सिंह गोगामेड़ी…

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। इससे पहले लंबे समय तक राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े रहे थे। विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था।

करणी सेना से अलग होकर बना था संगठन…

साल 2006 में सबसे पहले करणी सेना बनी थी। बाद में लोकेंद्र सिंह कालवी ने अलग संगठन राजपूत करणी सेना बनाया। साल 2012 में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को श्री राजपूत करणी सेना का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया, लेकिन बाद में कालवी और गोगामेड़ी में विवाद हो गया था। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने 2017 में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना है। वहीं सुखदेव सिंह राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना नाम का संगठन संभाल रहे थे।