अलवर में दहेज के लिए दो बहनों की हत्या, पति आए दिन करते थे मारपीट, 7 दिन पहले ही गई थीं ससुराल

अलवर। राजस्थान के अलवर में दो बहनों की हत्या का मामला सामने आया है। शादी के करीब डेढ़ साल बाद ससुरालवालों ने दहेज की खातिर…

New Project 2023 09 17T125231.728 | Sach Bedhadak

अलवर। राजस्थान के अलवर में दो बहनों की हत्या का मामला सामने आया है। शादी के करीब डेढ़ साल बाद ससुरालवालों ने दहेज की खातिर दोनों बहनों का मर्डर कर दिया। ससुरालवाले गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने लगे, लेकिन उससे पहले ही पीहर पक्ष को खबर लगी। तब पीहर के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस के आने से पहले ससुराल पक्ष के सब लोग घर से फरार हो गए। शनिवार देर रात को ही पीहर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह घटना अलवर के कठूमर के नंगला फरासिया गांव में शनिवार की है।

7 दिन पहले गई थी ससुराल…

मृतक बहनों के भाई श्यामसुंदर ने बताया कि उसकी बहन वंदना (22) और अंजना (20) पुत्री गांविद जाट की शादी 1 दिसंबर 2021 को नंगला फरासिया गांव के शैलू उर्फ शैलेंद्र व कैलाश पुत्र राजेंद्र के साथ हुई थी। उसकी दोनों बहनों के पति खेती का काम करते है।

पिता गोविंद जाट ने अपनी दोनों बेटियों की शादी में करीब ढाई लाख नकद, बाइक व जेवर दिए थे। खूब अच्छी शादी की थी। लेकिन शादी के अगले दिन से ही ससुराल में सास और उनके पति सहित अन्य लोग दहेज में कार व 11 लाख रुपए लाने का दबाव बनाने लगे। उसके जीजा दहेज के लिए दोनों बहनों आए दिन मारपीट करने लगे।

मारपीट से परेशान होकर पीहर रहने लगी दोनों बहन…

ससुराल में दहेज के लिए मारपीट से परेशान होकर दोनों बहन पीहर गारू गांव आ गई। यहां वो करीब 9 महीने तक रही। लेकिन मृतक बहनों के पति के मामा बरौली छार निवासी हैप्पू, बलवंत, चाचा ससुर महावीर व रणवीर सहित कई लोग मान मन्नोवल कर दोनों बहनों को लेकर चले गए। लेकिन वापस ससुराल पहुंचते ही दोनों के साथ अत्याचार करना शुरू कर दिया।

एक कमरे में बंद कर दिया, लाइट हटा दी…

ससुराल में जाते ही दोनों के कमरे की लाइट हटा दी। कूलर भी तोड़ दिया। उनके साथ फिर मारपीट शुरू कर दी। शनिवार सुबह भी उनके साथ मारपीट करने लगे। तब वंदना ने पीहर में फोन कर बताया कि ये मारपीट करने लग गए। हमे जान से भी मार सकते हैं। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे भाई ने फोन किया गया। लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया।

करीब तीन घंटे बाद सुबह 11 बजे किसी रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि दोनों बहन नहीं बचेंगी। उनके साथ अधिक मारपीट हुई है। तब ससुराल में पड़ोसियों से बात हुई।

अंतिम संस्कार करने की थी तैयारी…

जैसे ही पीहर पक्ष को पता लगा कि दोनों बहनों की हत्या कर दी है और गुपचुप अंतिम संस्कार करने की तैयारी है। इसके बाद पीहर से कई लोग ससुराल पहुंचे और पीहर पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही ससुराल के सब लोग फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शाम को दोनों बहनों का पोस्टमॉर्टम करा शव पीहर पक्ष को सौंप दिया। इसके बाद पीहर में ही अंतिम संस्कार कर दिया। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों के खिलाफ दोनों बहनों की हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।