सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में एक और खुलासा…मास्टर माइंड वीरेंद्र चारण ने दुबई में रची थी साजिश

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की साजिश दुबई में रची गई थी

Virendra-Charan-Sukhdev-Singh-Gogamedi

जयपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की साजिश दुबई में रची गई थी और इस हत्याकांड का मास्ट माइंड वीरेंद्र चारण (Virendra Charan) है, जो दुबई में छीपा हुआ है। हालांकि, इस हत्याकांड की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली थी। चारण वही गैंगस्टर है जिसने राजू ठेहट की हत्या की भी साजिश रची थी। मास्टर माइंड वीरेंद्र चारण पर पहले से ही एक लाख रुपए का ईनाम है।

शूटर रोहित की जेल में हुई थी चारण से मुलाकात

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक हत्याकांड के मास्टर माइंड वीरेंद्र चारण ने दुबई में बैठकर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की साजिश रची थी। वीरेंद्र ने ही हत्या के लिए दोनों शूटर्स को हथियार मुहैया करवाए थे। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड को अंजाम देने वाला शूटर रोहित राठौड़ जेल में वीरेंद्र चारण से मिला था

जहां वीरेंद्र ने उसे रोहित गोदारा गैंग में शामिल करवाया था। पहले रोहित राठौड़ नाबालिग से रेप के मामले में जयपुर जेल में बंद था और जेल में उसकी मुलाकात मर्डर के मामले में सजा काट रहे गैंगस्टर वीरेंद्र चारण से हुई थी। वहां दोनों के बीच में दोस्ती हो गई थी। इसके बाद वीरेंद्र चारण ने रोहित राठौड़ को रोहित गोदारा गैंग में शामिल कर लिया था।

ये खबर भी पढ़ें:-Gogamedi Murder Case : पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चंडीगढ़ में दबोचे दोनों शूटर्स, नेपाल भागने का था प्लान

कौन है वीरेंद्र चारण?

वीरेंद्र चारण चूरू जिले के सुजानगढ़ का रहने वाला है, जो अभी दुबई छिपा हुआ है। वो दुबई से राजस्थान में रोहित गोदारा गैंग का संचालक करता है। एक लाख के इनामी गैंगस्टर चारण ने ही राजू ठेहट की हत्या की भी साजिश रची थी। साल 2015 में चूरू में हुए रामलाल मेघवाल मर्डर केस में वीरेंद्र चारण पांच साल जेल में रहा था। जेल में उसका कई बदमाशों से संपर्क में आया था और वह आनंदपाल, रोहित गोदारा और संपत नेहरा गैंग से जुड़ गया था।

सितंबर 2022 में वीरेंद्र चारण जेल से जमानत पर बाहर आ गया था। जेल से बाहर आते ही वीरेंद्र चारण ने राजू ठेहट की प्लान बनाया था। उसी ने शूटर और हथियारों का इंतजाम किया और 3 दिसंबर को ठेहट की हत्या कर दी गई थी। ठेहट हत्याकांड के बाद पुलिस से बचने के लिए वीरेंद्र चारण पहले नेपाल गया था, लेकिन वहां उसका पासपोर्ट नहीं बन पाया। इसके बाद उसने कोलकाता से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और नेपाल के रास्ते वह दुबई फरार हो गया था।

अब पकड़े गए चारों आरोपी

इधर, गोगामेड़ी हत्याकांड मामले में पुलिस ने अब तक दोनों शूटर्स सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जयपुर पुलिस आज दोपहर दो बजे पूरे मामले का खुलासा करेगी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस ने शूटर्स रोहित राठौड़ और नितिन फौजी को शनिवार देर रात चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चंडीगढ़ में एक शराब ठेके के ऊपर बने कमरे में छिपे हुए थे और देश छोड़कर नेपाल भागने की फिराक में थे।

लेकिन, उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। साथ ही दोनों आरोपियों को पनाह देने वाले उधम को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले राहुल और नितिन को फरार कराने में सहयोग करने वाले रामवीर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस अब रामवीर, शूटर्स नितिन फौजी और रोहित राठौड़ से पूछपाछ करेंगी। पुलिस पूछताछ के बाद कड़ी से कड़ी जोड़कर गैंगस्टर्स पर कड़ा शिकंजा कसेगी।

ये खबर भी पढ़ें:-चंडीगढ़ से दोनों शूटर्स को जयपुर लाई पुलिस, अब खुलेगा राज…किसके कहने पर की गोगामेड़ी की हत्या