‘कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड जीरो बट्टा सन्नाटा’, राजस्थान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बद से बदतर

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कोटपूतली और शाहपुरा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। राजस्थान में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह बोले- कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच सालों में क्या किया है।

Rajasthan Police 2023 11 19T152154.731 | Sach Bedhadak

Rajasthan Election 2023: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कोटपूतली और शाहपुरा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। राजस्थान में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह बोले- कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच सालों में क्या किया है। आज उनसे कोई पूछने जाए। जनता राजस्थान की कांग्रेस सरकार से पिछले पांच सालों का रिपोर्ट कार्ड मांगती है। जब कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड देखा जाएगा तो वहां जीरो बट्टा सन्नाटा मिलेगा।

किसानों को जाहिर की सरकार की मंशा

सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने किसानों की चिंता की और उनके सम्मान में छह हजार रुपए सालाना देने का फैसला किया है। अगर राजस्थान में हमारी सरकार आती है तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के सालान 6 हजार नहीं 12 हजार रुपए देंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्ज माफी का भी मुद्दा भी उठाया।

‘2014 के बाद भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदला’

राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से पहले का भारत और 2014 के बाद के भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदला है। भारत का सिर दुनिया में गर्व से ऊंचा हुआ है। पहले भारत की बात को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नजरअंदाज किया जाता था, लेकिन आज भारत की बात दुनिया कान खोलकर सुनती है।

मोदी सरकार की गिनाई उपलब्धियां

राजनाथ सिंह ने कहा कि बीजेपी ने जो कहा वो किया। पहले कहा था कि जब दोनों सदनों में पूर्ण बहुमत होगा, तब हम चुटकी बजाते धारा 370 खत्म कर देंगे। अयोध्या की भूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। अब रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमने तीन तलाक की प्रथा को खत्म किया।

स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बद से बदतर

राजनाथ सिंह ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थाम में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने कहा था कि हम युवाओं को रोजगार देंगे और अगर नहीं दे पाए तो बेरोजगारी भत्ता देंगे। क्या सरकार बेरोजगारों को भत्ता दे रही है। राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बद से बदतर हो चुकी है।