5 साल में राठौड़ की संपत्ति में 7 करोड़ का इजाफा, डोटासरा की 3 गुना बढ़ी…लेकिन 52 लाख का कर्जा

राजेन्द्र राठौड़ ने अपने चुनावी हलफनामे में कुल संपत्ति 27.44 करोड़ बताई है, जबकि साल 2018 में उनकी संपत्ति 20.79 करोड़ थी।

Rajendra Rathore, Govind Singh Dotasara

Rajasthan Election 2023 : जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया जारी है। नामांकन के 5वें दिन शुक्रवार को 166 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने लिए कुल 294 प्रत्याशियों ने 424 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। कांग्रेस पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर की लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट से तो बीजेपी के राजेंद्र राठौड़ ने चूरू जिले की तारानगर विधानसभा सीट से पर्चा भरा। इस दौरान दोनों नेताओं ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा पेश किया। खास बात ये है कि दोनों ही नेताओं की संपत्ति में करोड़ों रुपए का इजाफा हुआ है।

राजेन्द्र राठौड़ ने अपने चुनावी हलफनामे में कुल संपत्ति 27.44 करोड़ बताई है, जबकि साल 2018 में उनकी संपत्ति 20.79 करोड़ थी। ऐसे में उनकी संपत्ति में 7 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। राठौड़ के खाते में 23.33 लाख और पत्नी के खाते में 41.16 लाख नकद हैं। वहीं, गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने चुनावी हलफनामे में कुल संपत्ति 6 करोड़ से अधिक बताई है, जबकि साल 2018 में उनकी संपत्ति 2 करोड़ थी। ऐसे में उनकी संपत्ति में 4 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है।

डोटासरा से ज्यादा कमाती हैं उनकी पत्नी

चुनावी हलफनामे में डोटासरा ने अपनी कुल संपत्ति 6 करोड़ से अधिक बताई है। उनके पास 2 लाख 41 हजार 500 रुपए कैश हैं। इसके अलावा 59 लाख 67 हजार की चल संपत्ति है। साथ ही 8 साल पुरानी स्कॉर्पियो है। खास बात ये है कि गोविंद सिंह डोटासरा पर 51 लाख 94 हजार 654 रुपये का कर्ज है और उनकी पत्नी की कमाई ज्यादा है। डोटासरा ने अपनी आय 3 लाख 91 हजार 460 रुपए और पत्नी की आय 11 लाख 97 हजार 430 रुपए बताई है।

ये खबर भी पढ़ें:-क्या राजनीति से संन्यास लेगी पूर्व CM वसुंधरा राजे? बेटे दुष्यंत का भाषण सुन दिया कुछ ऐसा ही संकेत