आखिर ‘राम’ ही क्यों है सबसे लोकप्रिय? देश में हर 245वें व्यक्ति का नाम राम, जानें-सीता का नाम कितनों को पसंद

नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश के अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही है। 22 जनवरी को राम लला की मूर्ति…

New Project 2024 01 17T181955.436 | Sach Bedhadak

नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश के अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही है। 22 जनवरी को राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। राम मंदिर के शिलान्यास को लेकर पूरे देश में जोश का माहौल है। 16 जनवरी से अनुष्ठान शुरू हो गया है। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का दिन 22 जनवरी ऐसी तारीख है, जिसे देश के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश भर में तैयारियां चल रही है। जिसको लेकर हर किसी को कुछ करने का जुनून है।

गर्भवती महिलाओं ने डिलीवरी कराने की बुकिंग कराई

इस दिन को विशेष मानकर देश के कई राज्यों में गर्भवती महिलाओं ने डिलीवरी कराने की बुकिंग कराई है। दरअसल, इस दिन को यादगार बनाने के लिए गर्भवती महिलाएं अपने बच्चे को जन्म देना चाहती है। इसके लिए निजी व सरकार अस्पताल में महिलाएं परामर्श ले रही है।

सदियों से हर किसी जुबां पर राम का नाम…

भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर हर किसी जुबां पर भगवान श्रीराम का नाम है। ज्योतिषियों के मुताबिक, भगवान श्रीराम का नाम सर्वोपरि होने के साथ ही लोकप्रिय भी है। राम का नाम लेने से मन को शांति मिलती है। वहीं हर मां-बाप की ख्वाहिश होती है उनके बेटा राम जैसा आज्ञाकारी हो। इसलिए रामायण काल के हजारों साल गुजरने के बाद भी कलयुग में भी लोग अपने बच्चों का नाम रामायण से जुड़े किरदारों पर रख रहे हैं।

देश में राम का नाम नंबर एक पर…

फोरबियर्स डॉट इन वेबसाइट के अनुसार, देश में राम नाम नंबर एक पर है। साल 2021 तक देश की आबादी 140.76 करोड़ के अनुसार भारत में हर 245वें व्यक्ति का नाम राम पर रखा गया है। वहीं अगर विश्व की बात करें तो 57 लाख 43 हजार 68 लोगों के नाम राम हैं। राम का नाम लोकप्रिय होने के चलते लिहाज से यह दुनिया में 58वें स्थान पर है। दुनिया की आबादी साल 2021 में 788.84 करोड़ थी। ऐसे में दुनियाभर में हर 1373वें व्यक्ति का नाम राम है। भारत के अलावा श्रीलंका, कंबोडिया, मैडागास्कर, फिजी आदि देशों में लोग राम नाम रखना पसंद करते हैं।

विश्व में 325वें स्थान पर सीता का नाम…

रिपोर्ट के मुताबिक, देश-दुनिया में 19 लाख से अधिक महिलाओं और लड़कियों के नाम माता सीता के नाम पर हैं। लोकप्रिय नाम होने के लिहाज से सीता दुनिया में 325वें स्थान पर है। हैरानी की बात ये है कि भारत के अलावा नेपाल में भी लोग अपनी बेटियों का नाम सीता रखना पसंद करते हैं। वहीं लोगों ने अपनी 227 बेटियों का नाम मंथरा भी रखा है।

कौशल्या की तुलना में उर्मिला का नाम ज्यादा लोकप्रिय…

भगवान राम को जन्म देने वाली मां कौशल्या की तुलना में उर्मिला और सुमित्रा नाम ज्यादा लोकप्रिय है। दुनिया में उर्मिला नाम 453वें और सुमित्रा 516वें स्थान पर है। जबकि, कौशल्या नाम 2233वें स्थान पर है। वहीं लक्ष्मण का नाम 1645वें स्थान पर है। नेपाल में लोग अपने बच्चों का नाम शत्रुघ्न रखना काफी पसंद करते हैं। दुनिया में 17538 लोगों के नाम रावण, 10289 के विभीषण और 14 लोगों ने मेघनाद के नाम पर अपना नाम रखा है। 27592 महिलाओं और लड़कियों के नाम कैकेयी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, चीन में भी कई लोगों ने यह नाम रखा है।

देवी-देवताओं पर रखे जाने वाले अन्य पसंदीदा नाम…

गोपाल, शिव, महेश, गणेश, मोहन, शंकर, नारायण, हरि, जगदीश और विष्णु नाम भी खूब रखे जाते हैं। दुनिया के पसंदीदा नाम की श्रेणी में भारतीय देवियों में लक्ष्मी 290वें, राधा 456वें, दुर्गा 857वें और पार्वती 3129वें स्थान पर हैं।