मोगा में शादी की खुशियां मातम में बदली, ट्रोले में जा घुसी बारातियों की कार, दूल्हे सहित चार की मौत

मोगा। पंजाब के मोगा जिले में शादी की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गईं। अजीतवाल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में…

New Project 54 | Sach Bedhadak

मोगा। पंजाब के मोगा जिले में शादी की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गईं। अजीतवाल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे समेत चार लोगों की मौत से कोहराम मच गया। बारात फाजिल्का से लुधियाना के बद्दोवाल जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे की कार सड़क पर पराली से भरे खड़े ट्रोले से जा टकराई। यह हादसा मोगा जिले के अजितवाल कस्बे के निकट सुबह करीब 6 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, फाजिल्का के गांव फौजा निवासी सुखबिंदर सिंह की शादी थी। सुखबिंदर सिंह बारात लेकर लुधियाना के बद्दोवाल में जा रहे थे। इसी दौरान अजीतवाल के पास दूल्हे की कार सड़क पर पराली से भरे खड़े ट्रोले से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। दो गंभीर घायलों ने इलाज के दौरान जगरांव के अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए समाज सेवा समिति के प्रधान गुरसेवक सिंह सन्यासी ने अस्‍पताल में पहुंचाया।

अजीतवाल थानाधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह छह बजे मोगा-लुधियाना रोड पर अजीतवाल के पास हादसा हुआ है। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। बरात फाजिल्का से लुधियाना के बद्दोवाल जा रही थी। हादसे में दूल्हा सुखबिंदर सिंह, अंग्रेज सिंह, सिमरन कौर और चार साल की बच्ची अर्शदीप की मौत हुई है। कार चालक की हालत नाजुक है।

मृतक सुखविंदर सिंह पेंटिंग का काम करता था। उनकी दो बहनें शादीशुदा होने समेत एक भाई शादीशुदा है। सबसे छोटा सुखविंदर सिंह ही था, जिसकी रविवार को बद्दोवाल में रहने वाली युवती से शादी होने वाली थी। पुलिस ने ट्रोला चालक के खिलाफ केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।

मातम में बदल गई खुशियां…

हादसे की खबर जब गांव जोड़की अंधे वाली और मृतक दूल्‍हे के पैतृक गांव ओझावाली में पहुंची तो दोनों गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के अनुसार यह बारात सुबह 6 तक पहुंचनी थी और शाम को पार्टी का भी आयोजन किया जाने वाला था, लेकिन दर्दनाक हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

शाम को हुआ था पार्टी का आयोजन…

यह सूचना जैसे ही गांव में पहुंची तो विवाह वाले घर में मातम छा गया। घर में मौजूद ओझावाली निवासी संता सिंह ने बताया कि 20 दिन पहले उसके भतीजे सुखविंदर सिंह का विवाह बदोवाल में तय हुआ था। शनिवार रात को पार्टी थी। रात 12 तक आयोजन हुआ, जबकि 2 बजे बारात घर से चली।

बारात में दो गाड़ियां थी, जिनमें से दूल्हा व उसके परिवार के सदस्य शामिल थे। रात करीब 3:30 बजे मोगा के निकट एक ट्रक में टकराने से उक्त गाड़ी हादसा ग्रस्त हो गई। जिसमें दूल्हे की मौत हो गई। जबकि गाड़ी में सवार गांव भम्बावट्टू निवासी अंग्रेज सिंह (दूल्हे का जीजा), गांव नजामके निवासी सिमरनजीत (भुआ की लड़की) व अंशु (भतीजी) की मौत हो गई। जबकि गांव ओझावाली निवासी सीमा रानी (भाभी) व गांव ओझावाली निवासी मोहिंदर सिंह (रिश्तेदार) घायल हैं।